BHU News: AI कार्यशाला का आयोजन, 6 विद्यार्थियों को बनाया गया AI चैंपियन, 20 दिसंबर को होगा AI Carnival

वाराणसी, 3 नवंबर 2026। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के दक्षिण परिसर में विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की आधुनिक तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। दीनदयाल उपाध्याय कौशल केंद्र, कला संकाय, रोटरी क्लब ऑफ वाराणसी कबीर और टेकब्रेनस् के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यशाला में विद्यार्थियों को AI के व्यावहारिक उपयोग, तकनीकी नवाचार और भविष्य की संभावनाओं की जानकारी दी गई। कार्यशाला की थीम ‘परिसर से वास्तविक प्रभाव तक’ रखी गई।

मालवीय जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर हुआ शुभारंभ

कार्यशाला का शुभारंभ मुख्य अतिथि रोटेरियन डॉ. अजय दुबे, कार्यशाला प्रशिक्षक रोटेरियन प्रत्युष मिश्रा, रोटेरियन सिद्धार्थ मुखर्जी, रोटेरियन ऋषि उपाध्याय, डॉ. राघवेंद्र रमन, डॉ. इरफान अंसारी और डॉ. श्रुति सिंह ने विश्वविद्यालय के संस्थापक भारतरत्न पंडित मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया।

इस अवसर पर दीनदयाल उपाध्याय कौशल केंद्र के समन्वयक डॉ. आर.एस. मिश्रा ने बताया कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता की नवीनतम तकनीकों से परिचित कराना और उन्हें व्यावहारिक ज्ञान, नवाचार तथा तकनीकी कौशल के माध्यम से सशक्त बनाना है।

ChatGPT से Gemini तक AI टूल्स का हुआ लाइव डेमो

कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के विभिन्न उपयोगों और संभावनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। विशेष रूप से ChatGPT, Google Gemini, Microsoft Copilot और Canva AI सहित कई आधुनिक AI टूल्स का लाइव प्रदर्शन किया गया।

प्रशिक्षकों ने बताया कि इन तकनीकों का इस्तेमाल शिक्षा, अनुसंधान, व्यवसाय, कंटेंट निर्माण, सोशल मीडिया और दैनिक जीवन की समस्याओं के समाधान में किस तरह किया जा सकता है। विद्यार्थियों को केवल AI टूल्स का इस्तेमाल करना ही नहीं, बल्कि इनके माध्यम से अपने नए विचार विकसित करने और वास्तविक समस्याओं के समाधान तैयार करने के लिए भी प्रेरित किया गया।

छह विद्यार्थियों का AI चैंपियन के लिए चयन

आगामी AI Carnival 2026–27 के लिए आयोजित चयन प्रक्रिया के तहत कार्यशाला से छह विद्यार्थियों का AI चैंपियन के रूप में चयन किया गया। इनमें सपना भारती (द्वितीय वर्ष, MLT), रोहन यादव (द्वितीय वर्ष, MOM), आश्लेषा राज (द्वितीय वर्ष, MLT), उन्नति शाही (द्वितीय वर्ष, FTAD), वंश पाण्डेय (तृतीय वर्ष, HTM) और स्पंदन सरकार (प्रथम वर्ष, RLM) शामिल हैं।

AI चैंपियन चयन की प्रक्रिया तीन चरणों में निर्धारित की गई है। पहले चरण में विद्यार्थियों को AI से जुड़े अपने विचार, उपयोगिता और संभावित प्रभाव पर एक मिनट का भाषण देना होगा। दूसरे चरण में उन्हें किसी वास्तविक समस्या के समाधान के लिए AI टूल का व्यावहारिक प्रदर्शन करना होगा। तीसरे चरण में चयनित विद्यार्थियों को एक सप्ताह की AI चुनौती पूरी करनी होगी। इसमें उनकी रचनात्मकता, तकनीकी समझ और विचारों को धरातल पर उतारने की क्षमता का मूल्यांकन किया जाएगा।

20 दिसंबर को होगा AI Carnival 2026–27

चयनित AI चैंपियनों को 20 दिसंबर 2026 को वाराणसी में आयोजित होने वाले AI Carnival 2026–27 में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन में विद्यार्थियों को 2,000 से अधिक व्यवसायियों और उद्यमियों के सामने अपने नवाचार एवं विचार प्रस्तुत करने का मंच मिलेगा। इसके साथ ही उन्हें उद्योग जगत के विशेषज्ञों और रोटरी सदस्यों से संवाद करने तथा अपने विचारों को वास्तविक अवसरों में बदलने का अवसर भी प्राप्त होगा।

इस पहल में रोटरी क्लब ऑफ वाराणसी कबीर के अध्यक्ष रोटेरियन डॉ. अजय दुबे, सचिव रोटेरियन प्रत्युष मिश्रा और टेकब्रेनस् से AI विशेषज्ञ एवं वक्ता ऋषि उपाध्याय का विशेष सहयोग एवं मार्गदर्शन प्राप्त हो रहा है।

कार्यशाला का संचालन सुश्री आश्लेषा और श्री रोहन ने किया। इस अवसर पर दीनदयाल उपाध्याय कौशल केंद्र के शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यशाला का मूल संदेश ‘खोजें, सीखें, निर्माण करें और बनें AI चैंपियन’ रहा। आयोजकों के अनुसार, यह पहल विद्यार्थियों को तकनीक का उपयोगकर्ता बनाने के साथ-साथ नवाचारकर्ता, समस्या समाधानकर्ता और भविष्य के तकनीकी नेतृत्वकर्ता के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Reply