गुवाहाटी: असम के गुवाहाटी के पास दिगारू में बुधवार सुबह बड़ा ट्रेन ऐक्सिडेंट हो गया. कोलकाता से सैरंग जा रही कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस (13125) के पांच डिब्बे पटरी से उतर गए और ट्रेन हादसे का शिकार हो गई. जानकारी के मुताबिक, दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के लिए ट्रेन को स्टेशन पर रोका जा रहा था, इसी दौरान ट्रेन की रफ्तार नियंत्रित नहीं हो पाई. हादसे के वक्त का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि ट्रेन की तफ्तार तेज है और ट्रेन के इंजन में मौजूद लोको-पायलट परेशान हैं कि कंट्रोलिंग नहीं हो पा रही है. वीडियो में लोको-पायलट को यह कहते सुना जा सकता है- स्पीड कम नहीं हो रही है. सिग्नल रेड है, इमरजेंसी लगी हुई है लेकिन कुछ काम नहीं कर रहा है.
हादसे को लेकर असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा ने सोशल मीडिया पर बयान जारी किया है. उन्होंने कहा, “सभी यात्री सुरक्षित हैं. 4 यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं और उनका इलाज चल रहा है. हम इस स्थिति को लेकर रेल मंत्रालय के साथ मिलकर काम कर रहे हैं. फंसे हुए सभी यात्रियों को जरूरी चीजें उपलब्ध करा दी गई हैं और आगे की यात्रा के लिए दूसरी ट्रेन का इंतजाम कर दिया गया है.”

रेलवे ने एक बयान में कहा कि ट्रेन ने दूसरी ट्रेन को रास्ता देने की कोशिश की, लेकिन ‘लोको पायलट’ स्पीड को कंट्रोल नहीं कर सके. इसके बाद ट्रेन के पटरी से उतरने की एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई, जिसमें इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए. रेलवे ने बताया कि यात्रियों को दूसरी ट्रेन से उनके डेस्टिनेशन तक पहुंचाया जा रहा. राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिए गए और रेलवे अधिकारी दुर्घटनास्थल पर पहुंच गए.
असम में ट्रेन हादसे से जुड़ी पिछली 2 खबरें…
29 अक्टूबर: असम में पैसेंजर ट्रेन के इंजन की ट्रॉली पटरी से उतरी
असम के लुमडिंग-बदरपुर पहाड़ी रेलखंड में सिलचर-गुवाहाटी एक्सप्रेस के इंजन की आगे की ट्रॉली पटरी से उतर गई थी। नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे (NFR) के मुताबिक, घटना सुबह करीब 8:50 बजे बदरपुर और सुकरितिपुर स्टेशनों के बीच हुई थी। हादसे में किसी यात्री के घायल होने या मौत की खबर नहीं है।
20 दिसंबर 2025: असम में राजधानी एक्सप्रेस के 5 डिब्बे-इंजन पटरी से उतरे, ट्रेन से टकारने पर 7 हाथियों की मौत
असम के होजाई जिले में हाथियों का एक झुंड सैरंग-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आ गया था। हादसे में सात हाथियों की मौत हो गई थी और एक हाथी का बच्चा घायल हुआ था। हादसे में ट्रेन का इंजन और पांच कोच भी पटरी से उतर गए थे।
