मां के सामने भिक्षा मांगने पहुंचे थे CM योगी , ‘योगी की पाती’ में सुनाया संन्यास के बाद पहली मुलाकात का भावुक किस्सा

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी मां के निधन के बाद ‘योगी की पाती’ के माध्यम से उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी है। अपने इस भावुक पत्र में मुख्यमंत्री ने मां के प्रति प्रेम, सम्मान और उनके संस्कारों को याद करते हुए जीवन के उस पल का जिक्र किया, जब संन्यास ग्रहण करने के बाद वह पहली बार भगवा वस्त्र पहनकर अपनी मां के सामने पहुंचे थे। इस मुलाकात का प्रसंग बेहद भावुक है, जिसमें एक तरफ संन्यासी का धर्म था तो दूसरी तरफ मां की ममता।

मुख्यमंत्री योगी ने अपनी पाती की शुरुआत केवल एक शब्द ‘मां’ से की। उन्होंने लिखा कि यह पत्र सिर्फ उनकी मां के लिए नहीं, बल्कि दुनिया की प्रत्येक मां के नाम है। मां के बिना जीवन, परिवार और समाज की कल्पना अधूरी है। मां केवल संतान को जन्म देने वाली नहीं, बल्कि संस्कार, प्रेम और जीवन की पहली गुरु होती है।

संन्यासी बनकर मां के सामने पहुंचे थे योगी आदित्यनाथ

‘योगी की पाती’ में मुख्यमंत्री ने संन्यास ग्रहण करने के तीन वर्ष से अधिक समय बाद अपनी मां से हुई पहली मुलाकात को याद किया। उन्होंने लिखा कि संन्यास परंपरा का पालन करते हुए वह सबसे पहले अपनी मां के पास भिक्षा मांगने पहुंचे थे।

जब उन्होंने भिक्षा के लिए आवाज लगाई तो मां बाहर आईं। सामने भगवा वस्त्र पहने अपने बेटे को देखकर उन्हें सहसा विश्वास नहीं हुआ। मां कुछ बोल पातीं, उससे पहले ही योगी ने कहा, “मां, भिक्षा दीजिए।”

इस पर मां ने भावुक होकर पूछा, “बेटा, यह क्या हाल बना रखा है? घर में क्या कमी थी, जो भीख मांगने आ गए?”

मुख्यमंत्री ने जवाब दिया कि मां, भिक्षा उनका धर्म है। एक योगी की भिक्षा भिक्षु से ही मिलेगी। वह वहां घर लौटने नहीं, बल्कि भिक्षा मांगने आए हैं। मां जो अन्न देंगी, उसी से उनके संतोष की पूर्ति होगी। योगी ने लिखा कि मां की ममता ने पलभर में ही उनके मन के संदेह को दूर कर दिया।

‘मां केवल जननी नहीं, जगत जननी है’

अपने पत्र में मुख्यमंत्री ने मां के महत्व को भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जोड़ते हुए मां को जगत जननी बताया। उन्होंने मां कौशल्या, मां यशोदा और भगवान श्रीराम तथा श्रीकृष्ण से जुड़े प्रसंगों का उल्लेख किया।

उन्होंने लिखा कि मां की ममता दुनिया की सबसे सुंदर भावना है। मां वह है, जो हर किसी की जगह ले सकती है, लेकिन एक मां की जगह कोई नहीं ले सकता। मां का न होना केवल किसी व्यक्ति का जीवन से चले जाना नहीं है, बल्कि भावनात्मक सुरक्षा, बिना शर्त प्यार और घर की गहरी छांव का समाप्त हो जाना भी है।

मां थीं योगी आदित्यनाथ की प्रथम गुरु

मुख्यमंत्री ने अपनी मां को अपनी प्रथम गुरु बताते हुए लिखा कि उन्होंने ही उन्हें अक्षर ज्ञान दिया और जीवन के शुरुआती संस्कार प्रदान किए। मां के निधन के बाद उन्हें संन्यास ग्रहण करने के वर्षों बाद हुई वह पहली मुलाकात बार-बार याद आ रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि सनातन संस्कारों में मातृ वंदना का विशेष महत्व है। जहां मां का सम्मान होता है, वहां पुण्य और प्रताप स्वतः समाहित हो जाते हैं।

हर मां के चेहरे पर मुस्कान लाने की अपील

‘योगी की पाती’ के अंत में मुख्यमंत्री ने समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मां, प्रकृति और मातृभूमि के प्रति कर्तव्यों को कभी नहीं भूलना चाहिए।

उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे किसी बिलखती मां का सहारा बनें, किसी वंचित मां की पीड़ा समझें और किसी दुखियारी मां के चेहरे पर मुस्कान लाने का प्रयास करें।

योगी आदित्यनाथ का यह पत्र मां के प्रति व्यक्तिगत भावनाओं के साथ-साथ समाज को मातृ सम्मान, सेवा और संवेदनशीलता का संदेश भी देता है।

Leave a Reply