BHU के 13 विद्यार्थियों को मिला प्रथम अकादमिक उत्कृष्टता पुरस्कार, 332 मेधावियों का हुआ सम्मान

वाराणसी, 17 अक्टूबर 2026। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के राजीव गांधी दक्षिणी परिसर स्थित दीन दयाल उपाध्याय कौशल केंद्र के 13 विद्यार्थियों ने अपनी शैक्षणिक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया है। विश्वविद्यालय के प्रथम अकादमिक उत्कृष्टता पुरस्कार समारोह में इन विद्यार्थियों को सेमेस्टर परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि से कौशल केंद्र और विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ा है।

विश्वविद्यालय के ऐतिहासिक स्वतंत्रता भवन में आयोजित समारोह में विभिन्न संकायों और संस्थानों के कुल 332 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। शैक्षणिक सत्र 2025–26 से शुरू की गई इस पुरस्कार योजना का उद्देश्य स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों की उपलब्धियों को पहचानना और उन्हें आगे बेहतर करने के लिए प्रेरित करना है।

तीन श्रेणियों में दिए गए पुरस्कार

समारोह की अध्यक्षता BHU के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने की। उन्होंने शैक्षणिक उपलब्धियों को मान्यता देने के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विश्वविद्यालय के कैलेंडर में एक ऐसा दिन होना चाहिए, जब उस मूल उद्देश्य का उत्सव मनाया जाए, जिसके लिए विश्वविद्यालय की स्थापना हुई है।

पुरस्कार के लिए विद्यार्थियों का सीजीपीए 8.5 या उससे अधिक होना आवश्यक है। योजना के अंतर्गत तीन श्रेणियों में क्रमशः 25,000 रुपये, 20,000 रुपये और 15,000 रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी और कुलसचिव श्री राजन श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए।

कार्यक्रम का शुभारंभ छात्र अधिष्ठाता प्रो. रंजन कुमार सिंह के स्वागत संबोधन से हुआ, जबकि अपर परीक्षा नियंता प्रो. जी.पी. सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

एम.वोक. के चार विद्यार्थियों को सम्मान

दीन दयाल उपाध्याय कौशल केंद्र के एम.वोक. कार्यक्रमों के चार विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए पुरस्कृत किया गया। इनमें मेडिकल लैब टेक्नोलॉजी से लवली रानी, फूड प्रोसेसिंग एंड मैनेजमेंट से आराध्या बरुआ, रिटेल एंड लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट से आकृति जायसवाल तथा फैशन टेक्नोलॉजी एंड अपैरल डिजाइन से अंशिका गुलरिया शामिल हैं।

बी.वोक. के नौ विद्यार्थियों ने भी हासिल की उपलब्धि

केंद्र के बी.वोक. कार्यक्रमों के नौ विद्यार्थियों को भी अकादमिक उत्कृष्टता पुरस्कार मिला। मेडिकल लैब टेक्नोलॉजी से सपना भारती और रिया गुसाईं, फूड प्रोसेसिंग एंड मैनेजमेंट से मनीषा नौटियाल तथा हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म मैनेजमेंट से रिया सिंह सम्मानित हुईं।

इसके अलावा मॉडर्न ऑफिस मैनेजमेंट से श्रेया गौतम और प्राची कुमारी, रिटेल एंड लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट से विशालाक्षी ओझा तथा फैशन टेक्नोलॉजी एंड अपैरल डिजाइन से आंचल सिंह और कुमारी पायल राज को भी सम्मान मिला।

व्यावसायिक शिक्षा को बढ़ावा

यह उपलब्धि कौशल-आधारित व्यावसायिक शिक्षा के क्षेत्र में विद्यार्थियों की बढ़ती भागीदारी और उनकी शैक्षणिक क्षमता को दर्शाती है। दीन दयाल उपाध्याय कौशल केंद्र में संचालित पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को अकादमिक ज्ञान के साथ उद्योग की जरूरतों के अनुरूप व्यावहारिक दक्षताएं विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं।

इस अवसर पर केंद्र के पाठ्यक्रम समन्वयक डॉ. आर.एस. मिश्रा और कला संकाय की संकाय प्रमुख प्रो. सुषमा गिल्डियाल भी उपस्थित रहीं। उन्होंने पुरस्कार विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल शैक्षणिक और पेशेवर भविष्य की कामना की। केंद्र के शिक्षकों और कर्मचारियों ने भी विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *