वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के दृश्य कला संकाय में 19 नवंबर 2026 को प्रसिद्ध भारतीय-अमेरिकी कलाकार नटवर भावसार ने विद्यार्थियों के साथ विशेष संवाद किया। इस दौरान उन्होंने अपनी कलात्मक यात्रा, भारतीय संस्कृति, रंगों के प्रयोग और वैश्विक कला जगत के अनुभवों को साझा किया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी सांस्कृतिक विरासत और विशिष्ट पहचान पर गर्व करने का संदेश देते हुए कहा कि भारत कला और संगीत की समृद्ध परंपराओं वाला देश है। भारतीय कला की विविधता और सांस्कृतिक विरासत हमारी सबसे बड़ी ताकत है।
गुजरात में जन्मे नटवर भावसार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट अमूर्त चित्रकला और रंगों के अनूठे प्रयोगों के लिए पहचाने जाते हैं। विदेश में रहते हुए भी उनकी कला में भारतीय संस्कृति और परंपराओं की गहरी छाप दिखाई देती है। कार्यक्रम में संकाय प्रमुख प्रो. जसमिंदर कौर की ओर से प्रभारी प्रो. शांति स्वरूप सिन्हा ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम का संयोजन संकाय छात्र सलाहकार डॉ. सुरेश चंद्र जांगिड़ ने किया।
रंगों और भारतीय संस्कृति को बताया अपनी कला की प्रेरणा
विद्यार्थियों से बातचीत के दौरान नटवर भावसार ने कहा कि उनके लिए भारत रंगों और संगीत का देश है। यही दोनों तत्व उनकी कला की मूल प्रेरणा रहे हैं। उन्होंने बताया कि रंगों के साथ प्रयोग करना उनकी कलात्मक यात्रा का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। वे रंगों को केवल चित्र बनाने का माध्यम नहीं, बल्कि एक स्वतंत्र अभिव्यक्ति के रूप में देखते हैं।
उन्होंने कहा कि रंगों के माध्यम से मीलों दूर तक की यात्रा की जा सकती है। अपने कलात्मक प्रयोगों के बारे में बताते हुए उन्होंने एक ही कैनवस पर अनेक रंगों के इस्तेमाल, पेट्रोलियम डिस्टिलेशन स्क्रीन और विभिन्न पिगमेंट के साथ किए गए प्रयोगों का उल्लेख किया। उनके अनुसार, कला में प्रयोग कभी कलाकार को असहज कर सकते हैं, लेकिन यही प्रयोग कई बार उसे नई रचनात्मक ऊंचाइयों तक भी पहुंचाते हैं।

विश्व के प्रसिद्ध कलाकारों और भारतीय कला पर की चर्चा
संवाद के दौरान भावसार ने मार्क रोथ्को, क्लिफोर्ड स्टिल, टर्नर और रेम्ब्रांट जैसे विश्वविख्यात कलाकारों के कार्यों और उनकी कला दृष्टि पर चर्चा की। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय कला जगत में अपने अनुभवों और विभिन्न देशों के कलाकारों के साथ हुई मुलाकातों का भी जिक्र किया।
उन्होंने भारतीय कला परंपरा, पुराणों और भारतीय रस सिद्धांत के प्रभाव को भी अपनी कला से जोड़कर समझाया। इस दौरान जेराम पटेल, पिराजी सागरा और प्रोग्रेसिव आर्टिस्ट्स ग्रुप के साथ-साथ सैयद हैदर रजा, मकबूल फिदा हुसैन और वी.एस. गायतोंडे जैसे भारतीय कलाकारों के योगदान पर भी चर्चा हुई।
विद्यार्थियों को दिया विरासत पर गर्व करने का संदेश
नटवर भावसार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें अपनी विरासत, संस्कृति और व्यक्तिगत कलात्मक पहचान पर गर्व करना चाहिए। उन्होंने भारतीय कला की व्यापकता और विविधता को रेखांकित करते हुए कहा कि भारत की सांस्कृतिक संपदा बेहद समृद्ध है और इसे कोई हमसे छीन नहीं सकता।
उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी मौलिक सोच विकसित करने, नए प्रयोग करने और कला के माध्यम से अपनी पहचान बनाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर उनकी पत्नी जेनेट भावसार और मैनेजर रेबेका भी उपस्थित रहीं। संकाय की ओर से श्री सुरेश नायर, डॉ. अमरेश कुमार, डॉ. नितिन दत्त, डॉ. ललित मोहन सोनी, डॉ. राजीव मंडल और साहेब राम टुडू सहित अनेक कला आचार्य, शोधार्थी तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी कार्यक्रम में शामिल हुए।
यह संवाद विद्यार्थियों के लिए अंतरराष्ट्रीय कला जगत के अनुभवों को समझने और भारतीय सांस्कृतिक विरासत के महत्व को जानने का महत्वपूर्ण अवसर बना।
