बिहारी महिलाओं के सिंदूर पर मजाक करना कॉमेडियन को पड़ा भारी! हाथ जोड़कर मांगी माफी, फिर भी FIR की मांग तेज

Comedian Yash Maheshwari: सोशल मीडिया पर कॉमेडी के नाम पर किया गया एक कॉमेंट ने नया बखेड़ा खड़ा कर दिया है. बिहार की महिलाओं और वहां की संस्कृति को लेकर कथित अश्लील मजाक करना स्टैंड-अप कॉमेडियन यश माहेश्वरी को भारी पड़ गया. सोशल मीडिया पर लोगों ने उनकी जमकर आलोचना की. मामला बढ़ने के बाद कॉमेडियन को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी पड़ी. उन्होंने अपना एक वीडियो जारी किया है. इसमें अपनी गलती स्वीकार की है. हालांकि, उनकी माफी से विवाद खत्म होता नहीं दिख रहा. कई लोग अब भी उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

दरअसल, यश ने अपने यूट्यूब चैनल पर ‘Morally Questionable’ नाम से दिल्ली-एनसीआर में हुए एक शो का वीडियो अपलोड किया था. इस क्लिप में वह छठ पूजा के दौरान बिहार की विवाहित महिलाओं के नाक से मांग तक लंबा सिंदूर लगाने की परंपरा पर बेहद अश्लील और घटिया मजाक करते दिखे. वीडियो वायरल हुआ तो लोगों ने उन्हें खरीखोटी सुनाना शुरु की. विवाद बढ़ता देख यश ने यूट्यूब से यह वीडियो हटा दिया है और उनका इंस्टाग्राम अकाउंट भी नजर नहीं आ रहा है.

कॉमेडियन यश महेश्वरी ने मांगी माफी

इस विवाद में घिरे कॉमेडियन का नाम यश महेश्वरी है. उन्होंने अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर माफी का वीडियो शेयर किया है. इसका कैप्शन है, ‘बिहार के सभी लोगों से सार्वजनिक माफी’. वीडियो में उन्होंने कहा कि उनका इरादा किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने या बिहार की संस्कृति का अपमान करने का नहीं था. लेकिन उन्हें एहसास है कि उनकी बात गलत तरीके से सामने आई और लोगों को इससे दुख पहुंचा.

‘मैं अपनी गलती स्वीकार करता हूं’

माफी मांगते हुए यश ने कहा कि उन्होंने हाल ही में एक वीडियो पोस्ट किया था. इसमें बिहार की कुछ सांस्कृतिक परंपराओं के बारे में बात की थी. उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए था. उन्होंने कहा, ‘मुझे इस तरह से यह बात नहीं करनी चाहिए थी. मैं अपनी गलती पूरी तरह स्वीकार करता हूं और इसके लिए माफी मांगता हूं.’ कॉमेडियन ने आगे कहा कि उनका किसी धार्मिक भावना या त्योहार को चोट पहुंचाने का इरादा नहीं था. यश ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए कहा, ‘मैं अपनी तरफ से 100 प्रतिशत गलत था.’ उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगे से ऐसी गलती दोबारा नहीं करेंगे. उन्होंने कहा कि जिन लोगों की भावनाएं उनकी बातों से आहत हुई हैं, उनसे माफी मांगने के अलावा फिलहाल वह कुछ नहीं कर सकते.

माफी के बाद भी सोशल मीडिया पर नाराजगी

यश के माफी मांगने के बाद भी सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा कम नहीं हुआ है. कई यूजर्स का कहना है कि केवल माफी मांग लेने से मामला खत्म नहीं हो जाता. उन्हें अपनी टिप्पणी की जिम्मेदारी भी लेनी चाहिए. कुछ लोगों ने बिहार पुलिस को टैग करके कॉमेडियन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. एक यूजर ने लिखा कि यश ने सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली है, लेकिन ऐसे मामलों को यूं ही नहीं छोड़ना चाहिए. अगर ऐसा हुआ तो भविष्य में कोई दूसरा व्यक्ति भी इसी तरह की टिप्पणी कर सकता है.

एक अन्य यूजर ने बिहार पुलिस की चुप्पी पर सवाल उठाया. उसका कहना था कि कार्रवाई नहीं होने से ऐसे लोगों को बिहार की संस्कृति और परंपराओं का अपमान करने का हौसला मिलता है. वहीं, एक यूजर ने यश के माफी वाले वीडियो को पहले से तैयार बताया. एक अन्य यूजर ने कहा कि माफी मांगने भर से किसी की भावनाओं को पहुंचा नुकसान खत्म नहीं हो जाता.

अब बिहार पुलिस के रुख पर नजर

इस पूरे मामले में फिलहाल यश महेश्वरी ने अपना पक्ष रखते हुए माफी मांग ली है. लेकिन सोशल मीडिया पर कार्रवाई की मांग जारी है. यूजर्स लगातार बिहार पुलिस को टैग कर रहे हैं. अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में कोई कदम उठाती है या नहीं. फिलहाल, कॉमेडियन का माफी वाला वीडियो चर्चा में बना हुआ है.

Leave a Reply