क्या बिसलेरी का पानी सुरक्षित है? 143 प्लांट पर कंपनी का बड़ा बयान, FSSAI जांच में क्या निकला?

प्यास मनुष्य की सबसे आदिम और निश्छल आवश्यकता है। भारतीय संस्कृति में जल को केवल एक रासायनिक यौगिक नहीं, बल्कि जीवन का पर्याय और अमृत माना गया है। राहगीरों के लिए प्याऊ लगवाना और जल स्रोतों को सहेजना कभी सबसे बड़ा पुण्य कार्य था। लेकिन विकास की अंधी दौड़ में नदियां प्रदूषित हुईं, भूजल स्तर पाताल में जा धंसा और सार्वजनिक नलों से आने वाले पानी की शुद्धता संदेह के घेरे में आ गई। इसी असुरक्षा के शून्य से बोतलबंद पानी के विशाल बाज़ार का जन्म हुआ, जिसका निर्विवाद सम्राट बनकर उभरा—‘बिसलेरी‘।

आज देश के किसी भी कोने में खड़ा प्यासा व्यक्ति दुकानदार से पानी नहीं मांगता, वह सीधे ‘बिसलेरी’ मांगता है। यह नाम किसी उत्पाद का ट्रेडमार्क भर नहीं रहा, बल्कि आम भारतीय के मन में शुद्धता की अंतिम गारंटी बन गया। ऐसे में जब देश की सर्वोच्च खाद्य नियामक संस्था ‘भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण’ ने बिसलेरी के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की मंजूरी दी, तो यह केवल एक कॉर्पोरेट घराने पर गिरी गाज नहीं है, बल्कि करोड़ों लोगों के उस अंतिम भरोसे के दरकने की आहट है, जिसके सहारे वे बीस रुपये खर्च करके अपनी सेहत की सुरक्षा खरीदते थे।

बिसलेरी बोतलबंद पानी विवाद में कंपनी का बयान आ गया है। बिसलेरी इंटरनेशनल का कहना है कि उसके देश के सभी 143 ऑपरेशनल प्लांट्स से निकलने वाला बोतलबंद पानी मानव उपयोग के लिए सुरक्षित है। इससे पहले, फूड सेफ्टी रेगुलेटर Food Safety and Standards Authority of India (FSSAI) का स्पष्टीकरण भी आ गया था।

FSSAI ने क्या कहा ?

FSSAI ने जारी अपने क्लेरिफिकेशन में कहा था कि 14 महीने पहले सिर्फ गोवा प्लांट में पैक हुए पानी के एक बैच का सैम्पल लिया गया था। फूड रेगुलेट ने जो पानी बेचने पर प्रतिबंध लगाया था, वह सिर्फ उसी बैच तक सीमित था।

पहले क्या आई थी खबर ?

पहले ऐसी खबर आई थी कि फूड सेफ्टी रेगुलेटर FSSAI ने कथित तौर पर असुरक्षित पैकेज्ड पानी बेचने के मामले में बिसलेरी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है। इसके बाद कंपनी ने दावा किया कि उसका पैकेज्ड पानी पीने के लिए सुरक्षित है और वह इस मुद्दे के समाधान के लिए FSSAI के साथ सहयोग करेगी। इसके बाद फूड रेगुलेटर का भी स्पष्टीकरण आ गया।

सिर्फ एक बैच का लिया था सैम्पल

बिसलेरी ने बीते दिनों जारी FSSAI के स्पष्टीकरण का स्वागत करते हुए यह स्पष्ट किया कि उनके सिर्फ गोवा प्लांट में 14 महीने पहले निर्मित एक बैच के एक सैंपल के लिए जांच की गई थी। बिसलेरी प्रतिवर्ष 50,000 से अधिक बैच का उत्पादन करता है। FSSAI ने पानी की बिक्री पर जो प्रतिबंध लगाया था, वह सिर्फ एक बैच, GO 270, पर लागू होता है। वह बैच गोवा प्लांट में 27 सितंबर 2025 को बना था। इस बैच में पैक किए गए बोतलों में से एक भी बोतल का अभी स्टॉक बाजार में नहीं है। मतलब कि उस बैच के पानी के सभी बोतल बिक गए हैं।

ब्रोमेट्स का स्तर मानक से नीचे

FSSAI ने 23 नवंबर 2026 को स्पष्ट और निर्णायक रूप से बताया कि सैम्पल के पुनः परीक्षण या रि-टेस्टिंग में ब्रोमेट्स का लेवल परमिसेबल लिमिट से नीचे पाए गए। टेस्टिंग के लिए कुल 6 सैंपल लिए गए थे, जिनमें पानी एक ही स्रोत से निकाला गया था। शुरुआती टेस्टिंग में सभी 6 सैंपल पास हुए थे। बाद में पुनः परीक्षण में 6 में से 1 सैंपल में Batch GO 270 में PAHs की मात्रा 0.144 माइक्रोग्राम प्रति लीटर पाई गई। उसी बैच GO 270 का एक और सैंपल सभी मापदंडों में पास हुआ।

सहयोग जारी रहेगा

बिसलेरी ने परीक्षण की असंगतियों को उजागर किया था और फरवरी 2026 में PAH रि-टेस्टिंग का अनुरोध किया था। कंपनी का कहना है कि वह एफएसएसएआई के साथ सहयोग जारी रखेगा। अब पीएएच परीक्षण में बिसलेरी के सभी प्लांट के सैंपल में कोई असंगति नहीं दिखी है।

बोतलबंद पानी बाजार पर दबदबा

भारत के बोतलबंद पानी के कारोबार में बिसलेरी ने साल 1965 में एंट्री मारी थी। धीरे-धीरे इसका नाम फैलता गया और आज भारतीय बाजार में इसका दबदबा है। एक अनुमान के मुताबिक भारत का पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर बाजार करीब 32,040 करोड़ रुपये का है। साल 2032 तक इसके 57,850 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है। इसमें करीब एक तिहाई हिस्सेदारी बिसलेरी की ही है।

Leave a Reply