घाटों पर साधु के भेष में बड़ा खेल! ‘भिखारी मुक्त काशी’ अभियान में 23 का हुआ रेस्क्यू

वाराणसी: धर्म, आध्यात्म और मोक्ष की नगरी काशी की वैश्विक छवि को संवारने और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को सुखद अनुभव देने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। इसी कड़ी में शनिवार (21 नवंबर) को वाराणसी में ‘भिखारी मुक्त काशी’ अभियान के तहत एक बड़ी और निर्णायक कार्रवाई को अंजाम दिया गया। वाराणसी नगर निगम, समाज कल्याण विभाग, स्थानीय पुलिस और ‘अपना घर आश्रम’ की संयुक्त टीम ने विश्व प्रसिद्ध दशाश्वमेध घाट पर सघन अभियान चलाते हुए भिक्षावृत्ति करने वाले 23 लोगों का रेस्क्यू किया। इस कार्रवाई के दौरान उस वक्त सबसे चौंकाने वाला खुलासा हुआ, जब रेस्क्यू किए गए लोगों में कई ऐसे व्यक्ति निकले जो साधु-संन्यासी का भेष धारण कर घाटों पर डेरा जमाए हुए थे।

साधु का चोला ओढ़कर मांग रहे थे भीख, पूछताछ में खुली पोल

अभियान के तहत दशाश्वमेध घाट से रेस्क्यू किए गए सभी 23 लोगों को जब ‘अपना घर आश्रम’ ले जाया गया, तो वहां आश्रम के संरक्षक डॉ. के. निरंजन (कुमार निरंजन) ने सभी की गहन काउंसलिंग और पूछताछ की। इस दौरान जो सच सामने आया, उसने पूरी टीम को भी हैरान कर दिया।

पड़ताल में पता चला कि पकड़े गए लोगों में कई ऐसे व्यक्ति शामिल हैं, जो उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों व बाहरी क्षेत्रों से बनारस आकर साधु का भेष बनाए हुए थे। काउंसलिंग के दौरान जब उनसे धर्म और आध्यात्म से जुड़े सामान्य सवाल पूछे गए, तो उनकी पोल खुल गई। साधु बनकर घूम रहे इन लोगों को एक भी वैदिक मंत्र या भजन तक याद नहीं है। स्थानीय लोगों और पर्यटकों की शिकायत थी कि ये लोग घाटों पर बैठकर खुलेआम गांजा व अन्य मादक पदार्थों का सेवन करते हैं और गंगा आरती व दर्शन के लिए आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को घेरकर उन्हें परेशान करते हैं।

देव दिवाली पर लाखों पर्यटक आएंगे

आगामी दिनों में काशी में विश्व प्रसिद्ध देव दीपावली का महापर्व मनाया जाना है, जिसमें लाखों की संख्या में देशी और विदेशी पर्यटकों के वाराणसी पहुंचने की उम्मीद है। ऐसे में प्रशासन की प्राथमिकता है कि गंगा घाटों, गलियों और प्रमुख मंदिरों के आसपास का माहौल पूरी तरह स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित रहे। भिक्षावृत्ति और नशेड़ियों के कारण पर्यटकों के सामने शहर की छवि धूमिल न हो, इसके लिए नगर निगम और पुलिस प्रशासन ने इस अभियान को और तेज कर दिया है।

संकटमोचन मंदिर के बाद अब घाटों की बारी

‘अपना घर आश्रम’ के संरक्षक डॉ. निरंजन ने बताया कि काशी को भिक्षावृत्ति से पूरी तरह मुक्त करने के लिए यह अभियान चरणबद्ध तरीके से चलाया जा रहा है। इससे पहले प्रशासन और आश्रम की संयुक्त टीम ने प्रसिद्ध संकटमोचन मंदिर परिसर में लगातार अभियान चलाकर उसे पूरी तरह भिखारी मुक्त करने में बड़ी सफलता हासिल की है। अब इसी तर्ज पर दशाश्वमेध घाट समेत अन्य प्रमुख गंगा घाटों और पर्यटन स्थलों पर नियमित रूप से कार्रवाई की जा रही है।

सिर्फ हटाना नहीं, पुनर्वास और मुख्यधारा से जोड़ना है मकसद

प्रशासन और समाज कल्याण विभाग का उद्देश्य केवल घाटों से भिक्षुकों को हटाना नहीं है, बल्कि उन्हें एक सम्मानजनक जीवन देना भी है। रेस्क्यू किए गए सभी लोगों की काउंसलिंग कर उन्हें ‘अपना घर आश्रम’ में सुरक्षित आश्रय, पौष्टिक भोजन, कपड़े और आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

अधिकारियों के अनुसार, रेस्क्यू किए गए लोगों में जो बुजुर्ग, बीमार या असहाय हैं, उनकी आश्रम में पूरी देखभाल की जाएगी। वहीं, जो लोग शारीरिक रूप से स्वस्थ और काम करने में सक्षम हैं, उन्हें सरकारी योजनाओं, कौशल विकास और रोजगार से जोड़कर समाज की मुख्यधारा में वापस लाया जाएगा, ताकि वे दोबारा भिक्षावृत्ति के रास्ते पर न जाएं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आने वाले दिनों में भी काशी के अन्य घाटों और मंदिरों के आसपास यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।

Leave a Reply