UP News: अखिलेश यादव के रोड शो में किशोर की मौत, 65 लोगों पर FIR, परिवार से मिले CM योगी

गोरखपुर (उत्तर प्रदेश): समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान जेसीबी की चपेट में आने से 14 वर्षीय किशोर की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मृतक के पिता की शिकायत पर पुलिस ने सात नामजद आरोपियों समेत कुल 65 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले में जेसीबी मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।

घरेलू काम से निकला था आर्यवर्धन, JCB की चपेट में आने से गई जान

जानकारी के मुताबिक, गोरखपुर के झंगहा क्षेत्र के राजधानी गांव निवासी ओंकार सिंह वर्तमान में कूड़ाघाट स्थित आवास विकास कॉलोनी में रहते हैं। उनकी शिकायत के अनुसार, उनका 14 वर्षीय बेटा आर्यवर्धन सिंह बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे घरेलू काम से मुख्य सड़क की ओर गया था। इसी दौरान समाजवादी पार्टी की रथयात्रा में शामिल एक जेसीबी ने उसे टक्कर मार दी।

आरोप है कि जेसीबी चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहा था। टक्कर लगने से आर्यवर्धन गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से उसे अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), गोरखपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सात नामजद आरोपियों समेत 65 लोगों पर FIR

बेटे की मौत के बाद पिता ओंकार सिंह ने एम्स थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने उनकी तहरीर के आधार पर जेसीबी चालक, आयोजन समिति के सदस्यों और 50 से 60 अज्ञात लोगों समेत कुल 65 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

तहरीर में साधु यादव उर्फ साधु भइया, मनोज यादव, मृत्युंजय यादव उर्फ बिट्टू, योगेश यादव और चंद्रप्रकाश सहित सात लोगों के नाम शामिल हैं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि हादसे के बाद आयोजन समिति से जुड़े लोग घायल किशोर को मौके पर छोड़कर चले गए। इस दौरान राहगीर अनुपम सिंह और अन्य लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

JCB मालिक हिरासत में, चालक की भूमिका की जांच

मामले में पुलिस ने जेसीबी मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि रोड शो में जेसीबी को किस उद्देश्य से शामिल किया गया था, वाहन कौन चला रहा था और हादसे के समय सुरक्षा के क्या इंतजाम किए गए थे। इसके अलावा आयोजन समिति के सदस्यों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

CM योगी ने घर पहुंचकर दी श्रद्धांजलि

घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख व्यक्त किया। उन्होंने आर्यवर्धन के घर पहुंचकर उसके चित्र पर पुष्प अर्पित किए और शोकाकुल परिवार से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

सड़क जाम के बाद अधिकारियों ने दिया कार्रवाई का भरोसा

हादसे के बाद परिजनों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए झारखंडी मोड़ पर सड़क जाम कर दिया। परिवार ने जेसीबी चालक और रोड शो के आयोजकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ झारखंडी गेट के पास स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग भी उठाई।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव और क्षेत्रीय विधायक इंजीनियर सरवन निषाद भी परिवार से मिलने पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर उनकी मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद रात करीब आठ बजे धरना समाप्त हुआ।

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर राजनीतिक कार्यक्रमों और बड़े सार्वजनिक आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था तथा यातायात प्रबंधन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply