उत्तर प्रदेश के कानपुर में मंगलवार रात एक केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। महाराजपुर थाना क्षेत्र के रूमा स्थित यूपीएसआईडीसी औद्योगिक क्षेत्र में केआईटी कॉलेज के पीछे निकोलस पिगमेंट्स एंड इंक्स फैक्ट्री में रात करीब 9 बजे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और फैक्ट्री से करीब 100 फीट ऊंची लपटें उठने लगीं। आग की चपेट में आने से फैक्ट्री में रखे केमिकल के 20 से अधिक ड्रमों में एक के बाद एक धमाके होने लगे। धमाकों की आवाज से आसपास के इलाके में दहशत फैल गई।
आग की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। एहतियात के तौर पर आसपास की फैक्ट्रियों, केआईटी कॉलेज के हॉस्टल और नजदीकी आबादी वाले क्षेत्रों को खाली कराया गया। प्रशासन ने लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की सलाह दी।
केमिकल ड्रमों में धमाकों से बढ़ी मुश्किलें
फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में केमिकल और ज्वलनशील सामग्री रखी हुई थी। आग लगने के बाद ड्रमों में लगातार धमाके होने लगे। इससे दमकलकर्मियों को आग बुझाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। केमिकल से निकलने वाली तेज दुर्गंध और जहरीली गैस की आशंका के कारण राहत कार्य भी चुनौतीपूर्ण हो गया। शुरुआत में दमकलकर्मियों ने फैक्ट्री के बाहर से ही पानी की बौछार कर आग को फैलने से रोकने का प्रयास किया।
15 दमकल गाड़ियां मौके पर, SDRF और PAC भी तैनात
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की आठ गाड़ियां शुरुआती दौर में मौके पर पहुंचीं। आग की भयावहता को देखते हुए जिले के सभी फायर स्टेशनों से अतिरिक्त वाहन बुलाए गए। देर रात तक करीब 15 दमकल गाड़ियां आग बुझाने में जुटी थीं। इसके अलावा एसडीआरएफ और पीएसी की टीमों को भी राहत एवं सुरक्षा कार्य में लगाया गया।
पुलिस ने औद्योगिक क्षेत्र की दो से तीन दर्जन फैक्ट्रियों में कामकाज बंद कराकर कर्मचारियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। सुरक्षा के मद्देनजर पीएसी की एक प्लाटून भी तैनात की गई।

ढाई घंटे की मशक्कत के बाद 80 प्रतिशत आग पर काबू
आग लगने के बाद दमकलकर्मियों को फैक्ट्री के अंदर प्रवेश करने में काफी समय लगा। रात करीब 11:20 बजे गेट के आसपास आग पर नियंत्रण पाने के बाद टीम अंदर पहुंच सकी। इसके बाद फैक्ट्री की छतों और अंदरूनी हिस्सों में पानी की बौछार की गई। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद दमकल विभाग ने लगभग 80 प्रतिशत आग पर काबू पाने की जानकारी दी। हालांकि, अंदरूनी हिस्सों में आग बुझाने का अभियान जारी रहा।
शिफ्ट खत्म होने के चार घंटे बाद लगी आग, जनहानि की सूचना नहीं
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, फैक्ट्री की मालिक अनुराधा त्यागी हैं। यहां करीब 10 से 12 कर्मचारी काम करते हैं। फैक्ट्री में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक काम होता है। मंगलवार को शिफ्ट खत्म होने के बाद सभी कर्मचारी घर चले गए थे। इसके करीब चार घंटे बाद रात 9 बजे आग लग गई। राहत की बात यह रही कि घटना के समय फैक्ट्री में कर्मचारी मौजूद नहीं थे। शुरुआती जानकारी में किसी जनहानि की सूचना नहीं मिली।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच में जुटे अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही एसीपी चकेरी आशुतोष सिंह और मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों की निगरानी में राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आग पूरी तरह बुझने के बाद नुकसान का आकलन किया जाएगा। पुलिस और अग्निशमन विभाग की जांच के बाद ही आग लगने का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।
