काशी रेलवे स्टेशन पर बड़ा बदलाव! गेमिंग जोन से लेकर बनारसी नाश्ते तक, क्या है खास?

HighLights

  1. बनारस स्टेशन पर यात्रियों के लिए गेमिंग जोन बना।
  2. नंदी पार्क में बच्चों के लिए आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध।
  3. जल्द मिलेगी बनारसी नाश्ते और सेल्फी पॉइंट की सुविधा।

वाराणसी। बनारस स्टेशन अब सिर्फ यात्रा का पड़ाव नहीं, बल्कि मनोरंजन का केंद्र भी बनने जा रहा है। स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार के पास सर्कुलेटिंग एरिया में स्थित नंदी पार्क में गेमिंग जोन बनाया गया है। यहां यात्रियों और उनके बच्चों के लिए मनोरंजन की कई आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

रेलवे की इस पहल से स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। अब अभिभावक अपने बच्चों के साथ यहां समय बिता सकेंगे और बच्चे भी यात्रा की थकान भूलकर खेल का आनंद ले सकेंगे। गेमिंग जोन में बच्चों के लिए झूला, जंपिंग, ट्रेमपुलिन, मिक्की माउस, टी-कप्स जैसी कई सुविधाएं लगाई गई हैं।

छोटे बच्चों से लेकर बड़े बच्चों तक के लिए यहां खेलने के अलग-अलग साधन उपलब्ध हैं। इसके साथ ही पार्क में नंदी सेल्फी पॉइंट भी बनाया गया है। यहां यात्री नंदी की प्रतिमा के साथ तस्वीरें खिंचवा सकेंगे। यह सेल्फी पॉइंट बनारस की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को भी दर्शाता है। गेमिंग जोन में जल्द ही बनारसी नाश्ते की भी सुविधा शुरू की जाएगी।

यहां यात्रियों को कचौड़ी-सब्जी, जलेबी, चाय समेत अन्य प्रसिद्ध बनारसी व्यंजन मिल सकेंगे। इससे बाहर से आने वाले यात्रियों को बनारस के स्वाद का भी आनंद मिलेगा। स्टेशन पर उतरने वाले यात्री और शहर के लोग भी यहां आकर नाश्ते का लुत्फ उठा सकेंगे।

स्थानीय लोगों और यात्रियों ने इस पहल की सराहना की है। उनका कहना है कि बनारस स्टेशन पर इस तरह की सुविधा की लंबे समय से जरूरत थी। इससे स्टेशन की सुंदरता भी बढ़ेगी और यात्रियों को बेहतर अनुभव मिलेगा।

Leave a Reply