यशस्वी और वैभव के साथ खेलेंगे वाराणसी के रवि सिंह ! राजस्थान रॉयल्स से जुड़कर रचा नया इतिहास

वाराणसी। बाएं हाथ के विस्फोटक बल्लेबाज और विकेट कीपर रवि सिंह ने अपनी प्रतिभा और लगातार बेहतर प्रदर्शन के दम पर आईपीएल तक का सफर तय किया है। राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें एक करोड़ रुपये में अपनी टीम से जोड़ा है।

विजय हजारे ट्रॉफी में हरियाणा के खिलाफ शानदार शतक जड़ने वाले रवि अब यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी जैसे खिलाड़ियों के साथ मैदान पर उतरेंगे। मूल रूप से वाराणसी के भूलनपुर क्षेत्र के रहने वाले रवि के लिए यह उपलब्धि वर्षों की मेहनत और संघर्ष का परिणाम है।

रवि ने छोटी उम्र में क्रिकेट खेलना शुरू किया। पिता सतर्कता विभाग में कार्यरत हैं। उन्होंने बेटे की प्रतिभा पहचानी और उसे क्रिकेट में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। वाराणसी क्रिकेट एसोसिएशन की अंडर-14, अंडर-16 और अंडर-19 प्रतियोगिताओं में खेलने के बाद रवि ने उत्तर प्रदेश की अंडर-16 टीम में जगह बनाई। यहीं से उनके क्रिकेट करियर को नई दिशा मिली।

पिछले पांच वर्षों से रवि आनंद क्रिकेट अकादमी से जुड़े हैं। अकादमी के संस्थापक और कोच पीपी आनंद मिश्रा ने उनकी बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग की प्रतिभा को पहचाना। उनके मार्गदर्शन में रवि ने खेल की तकनीक और अपनी क्षमताओं को लगातार निखारा। आनंद मिश्रा ने वाराणसी क्रिकेट एसोसिएशन में भी उनके खेल को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

विश्वविद्यालय से रेलवे और रणजी तक पहुंचा सफर

उत्तर प्रदेश की अंडर-16 टीम से खेलने के बाद रवि ने वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया। पूर्व क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता में टीम को चैंपियन बनाने में उनकी अहम भूमिका रही। इसके बाद आल इंडिया रोहिंटन बारिया ट्राफी में भी पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने खिताब जीता।

बीसीसीआई की विज्जी ट्राफी में पूर्वी क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए रवि ने बल्लेबाजी और विकेट कीपिंग दोनों में प्रभाव छोड़ा। टीम फाइनल तक पहुंची। उनके प्रदर्शन के आधार पर कोलकाता रेलवे ने उन्हें खेल कोटे से नौकरी दी। इसके बाद बीसीसीआई की अंडर-23 कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन किया।

इसी के आधार पर रेलवे की ओर से रणजी ट्रॉफी और विजय हजारे ट्रॉफी में खेलने का अवसर मिला। विजय हजारे ट्रॉफी में हरियाणा के खिलाफ शतक जड़कर उन्होंने चयनकर्ताओं और आईपीएल फ्रेंचाइजी का ध्यान खींचा।

आनंद क्रिकेट अकादमी में पिछले पांच वर्षों से उनके खेल को निखारने वाले पीपी आनंद मिश्रा के मार्गदर्शन ने इस सफर में अहम योगदान दिया। अब आईपीएल में चयन के बाद रवि के सामने अपनी प्रतिभा को देश के सबसे बड़े टी-20 मंच पर साबित करने की नई चुनौती है।

Leave a Reply