Varanasi Job Fair 2026: 35 हजार रुपये तक सैलरी, 32 कंपनियों में भर्ती का मौका; कब और कहां लगेगा मेला?

Varanasi Job Fair 2026: उत्तर प्रदेश में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए रोजगार पाने का अवसर सामने आया है. वाराणसी में 13 और 14 नवंबर को दो दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा. इसमें करीब 32 कंपनियां हिस्सा लेंगी. कंपनियां हाईस्कूल पास से लेकर स्नातक, परास्नातक, आईटीआई और डिप्लोमा धारकों को उनकी योग्यता के अनुसार नौकरी देंगी. चयनित युवाओं को हर महीने ₹12,000 से ₹35,000 तक वेतन मिल सकता है.

वाराणसी के दो क्षेत्रों में लगेगा रोजगार मेला

वाराणसी के युवाओं की सुविधा के लिए रोजगार मेले का आयोजन दो अलग-अलग स्थानों पर किया जाएगा. 13 नवंबर को मिर्जामुराद के जनता इंटर कॉलेज, खोजवां में मेला लगेगा. इसके बाद 14 नवंबर को चोलापुर स्थित आदर्श राष्ट्रीय विद्यालय इंटर कॉलेज में अभ्यर्थियों को नौकरी पाने का अवसर मिलेगा. दोनों दिन आयोजन सुबह 10 बजे से शुरू होगा. युवाओं को अपना बायोडाटा और जरूरी दस्तावेज लेकर पहुंचना होगा.

यूपी के इन युवाओं को मिलेगा नौकरी का मौका

इस रोजगार मेले में उत्तर प्रदेश के ऐसे युवा हिस्सा ले सकते हैं, जिन्होंने हाईस्कूल या इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की है. इसके अलावा स्नातक, परास्नातक, आईटीआई और डिप्लोमा धारक भी चयन प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे. अलग-अलग योग्यता के लिए कंपनियों में पद उपलब्ध रहेंगे. उम्मीदवारों का चयन उनकी पढ़ाई और कंपनी की जरूरत के आधार पर किया जाएगा.

फ्लिपकार्ट, ब्लिंकिट और बैंकिंग कंपनियां होंगी शामिल

क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय के रोजगार मेला प्रभारी दीप सिंह के मुताबिक, इस बार करीब 32 कंपनियां युवाओं को नौकरी का अवसर देंगी. इनमें फ्लिपकार्ट, कोटक महिंद्रा बैंक, एक्सिस बैंक, ब्लिंकिट, उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक, डिक्सन, मदरसन और सिपेट प्रमुख हैं. इनके अलावा विकास ग्रुप, लतारा कॉरपोरेट, ओजोन कॉर्प्स प्राइवेट लिमिटेड और मार्स कॉस्मेटिक प्राइवेट लिमिटेड समेत अन्य कंपनियां भी हिस्सा लेंगी.

पिछले मेले में 2,792 युवाओं का हुआ था चयन

वाराणसी में 3 और 5 नवंबर को भी रोजगार मेले आयोजित किए गए थे. इन दोनों आयोजनों में 92 कंपनियों ने भाग लिया था. नौकरी की तलाश में कुल 6,860 अभ्यर्थी पहुंचे थे. इनमें से 2,792 युवाओं को कंपनियों की ओर से नौकरी के प्रस्ताव दिए गए थे. चयनित अभ्यर्थियों को अधिकतम ₹4.20 लाख सालाना पैकेज तक का प्रस्ताव मिला था.

290 महिलाओं को भी मिला रोजगार का अवसर

पिछले रोजगार मेलों में महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था. कुल 290 महिला अभ्यर्थियों को नौकरी के अवसर मिले थे. अब नवंबर में होने वाले नए रोजगार मेले से वाराणसी और आसपास के जिलों के युवाओं को भी कंपनियों तक पहुंचने का मौका मिलेगा. इसमें शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थी 13 या 14 नवंबर को निर्धारित केंद्र पर सुबह 10 बजे अपने जरूरी कागजात के साथ पहुंच सकते हैं.

Leave a Reply