वाराणसी। दीपावली के ठीक 15 दिन बाद आने वाली कार्तिक पूर्णिमा का हिंदू धर्म में विशेष महत्व है। इस दिन को देव दीपावली के नाम से जाना जाता है। दीवाली का त्योहार जहां कार्तिक मास की अमावस्या को पड़ता है, वहीं देव दीपावली कार्तिक मास की पूर्णिमा तिथि को मनाई जाती है। मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा की रात स्वयं देवी-देवता धरती पर उतरकर दीपावली मनाते हैं। आइए जानते हैं आखिर कार्तिक पूर्णिमा पर देव दिवाली क्यों मनाई जाती है और इसका बनारस से क्या संबंध है।
पंचांग के अनुसार, पूर्णिमा तिथि 23 नवंबर, को रात 11 बजकर 43 मिनट पर शुरु होगी और 24 नवंबर, की रात 8 बजकर 24 मिनट पर समाप्त होगी। ऐसे में इस साल कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली मंगलवार, 24 नवंबर 2026 को मनाई जाएगी। शास्त्रों में इस दिन गंगा स्नान और प्रदोष काल में दीपदान का विशेष महत्व बताया गया है।
- पूर्णिमा तिथि प्रारंभ: 23 नवंबर 2026, रात 11:43 बजे
- पूर्णिमा तिथि समाप्त: 24 नवंबर 2026, रात 08:24 बजे
- देव दीपावली कब है: मंगलवार, 24 नवंबर 2026
- दीपदान का शुभ मुहूर्त: 24 नवंबर को प्रदोष काल में

कार्तिक पूर्णिमा पर क्यों मनाते हैं देव दिवाली?
कार्तिक पूर्णिमा के दिन ही भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का संहार कर सृष्टि को उसके आतंक से मुक्ति दिलाई थी। इसी कारण भगवान शिव का एक नाम त्रिपुरारी भी पड़ा और इस पूर्णिमा को त्रिपुरारी पूर्णिमा भी कहा जाता है। त्रिपुरासुर वध के बाद सभी देवता भगवान शिव का आभार व्यक्त करने स्वर्ग से उतरकर काशी ही आए थे। काशी में देवताओं ने गंगा स्नान के बाद घाटों पर लाखों दीपक जलाकर महादेव की आराधना की थी। तभी से हर साल कार्तिक पूर्णिमा की रात को देव दीपावली के रुप में मनाया जाने लगा।
कार्तिक पूर्णिमा का महत्व
काशी को भगवान शिव की सबसे प्रिय नगरी माना जाता है। कहते हैं कि महादेव के त्रिशूल पर काशी टिकी हुई है। आज भी वाराणसी के दशाश्वमेध घाट से लेकर अस्सी घाट तक को लाखों मिट्टी के दीयों से सजाया जाता है। पद्म पुराण और स्कंद पुराण के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा के दिन पवित्र नदी में स्नान करने और प्रदोष काल में दीपदान करने से व्यक्ति को 100 अश्वमेध यज्ञों के बराबर पुण्य फल की प्राप्ति होती है। मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा की रात दीपदान करने से पितृ प्रसन्न होकर सुख-समृद्धि का आशीर्वाद देते हैं।
दीपदान का कार्तिक पूर्णिमा पर महत्व
अगर आप किसी वजह से गंगा घाट जाकर दीपदान नहीं भी कर पा रहे हैं, तब भी आप घर पर पूजा-अर्चना करके और अलग-अलग स्थानों पर दीपक जलाकर पुण्य प्राप्त कर सकते हैं। इस दिन मुख्य रूप से प्रदोष काल में दीपदान करना फलदायी माना जाता है।
