बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण को लेकर की गई टिप्पणी को लेकर विवाद बढ़ गया हैं. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उनके बयान पर तीखी टिप्पणी की है. उन्होंने कहा कि मानवीय भूलों के लिए माफ़ किया जा सकता है लेकिन ईशनिंगा के लिए नहीं. वहीं उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री पर आजीवन प्रतिबंध की भी माँग की.
अखिलेश यादव ने वैधानिक कार्रवाई की माँग
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर पलटवार करते हुए अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट की और कहा- ‘मानवीय भूलों के लिए तो क्षमा किया जा सकता है, ‘ईशनिंदा’ के लिए कभी नहीं. ऐसे दुष्मुखी लोगों पर आजीवन प्रतिबंध लगाना ही समाज के लिए श्रेयस्कर है.

पूरे देश में इनके सभी कार्यक्रम रद्द किये जाएं, नई अनुमति नहीं दी जाए और सार्वजनिक जीवन में हर सच्चा सनातनी इनका पूर्ण बहिष्कार करे, यही इनके अक्षम्य पाप का दंड होना चाहिए, नहीं तो वो भी ईशनिंदा के पाप का भागी बनकर अपना लोक-परलोक बिगाड़ लेगा.
अगर दुर्भावना से भरा ऐसा व्यक्ति जीवन भर भी एकांतवास करके अपने किए का पश्चाताप और प्रायश्चित करेगा तो भी कोई भी धर्म प्रधान आस्थावान उसे माफ़ नहीं करेगा. मनुष्य का दंभ इतना भी नहीं होना चाहिए कि वो अपने को ईश्वर से ऊपर समझने लगे. वैधानिक कार्रवाई हो.’
बता दें कि पंडित धीरेंद्र शास्त्री का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने भगवान राम को सीधा और भगवान श्रीकृष्ण को टेढ़ी लीला वाला बताया था. जिसके बाद उनके बयान पर विवाद हो गया, हालांकि बाद में उन्होंने बयान पर सफ़ाई भी दी है. लेकिन, अब उन पर सियासी हमले तेज हो गए हैं. सपा मुखिया ने इसे सनातन धर्म को बांटने की साज़िश बताया और धीरेंद्र शास्त्री पर वैधानिक कार्रवाई की माँग की.
