समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने धीरेंद्र शास्त्री की कथा को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी किसी कथा के खिलाफ नहीं है, लेकिन धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान राम और कृष्ण के बारे में क्या कहा है, इसे कैसे स्वीकार किया जा सकता है?
मुलायम सिंह यादव की जयंती पर सपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अखिलेश ने भाजपा पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने अपने कार्यक्रम में हनुमानजी तक को नचा दिया था। अखिलेश ने सवाल किया कि अगर हममें से कोई भगवान श्रीकृष्ण या भगवान श्रीराम के बारे में ऐसा कुछ बोल देता तो क्या होता? उन्होंने कहा कि इस पर सभी को विचार करना चाहिए।

रूठों को मनाएंगे, छूटे नेताओं को बुलाएंगे
समाजवादी पार्टी के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की जयंती पर रविवार को सपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने विद्यार्थियों को लैपटॉप वितरित किए। इस दौरान उन्होंने पार्टी से दूर हुए नेताओं को फिर से जोड़ने के संकेत देते हुए कहा, ”रूठों को मनाएंगे और छूटे नेताओं को बुलाएंगे।”
अखिलेश यादव ने गोरखपुर की घटना का जिक्र करते हुए सड़क हादसों को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने लखनऊ के अर्जुनगंज में मुख्यमंत्री के काफिले से जुड़े हादसे का उल्लेख किया, जिसमें तीन लोगों की जान गई थी। सवाल उठाया कि क्या मुख्यमंत्री पर मुकदमा नहीं होना चाहिए था? उन्होंने भाजपा नेताओं और मंत्रियों के काफिलों से जुड़े सड़क हादसों का ब्योरा भी रखा। उनका दावा था कि देश में एक साल के भीतर सड़क हादसों में होने वाली मौतों में 80 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
