वाराणसी में कचहरी सीरियल ब्लास्ट के विवेचना संबंधी मांगी गई जानकारी, सीजेएम की अदालत में प्रार्थना पत्र दाखिल

वाराणसी। कचहरी में 23 नवंबर 2007 को हुए सीरियल बम ब्लास्ट की विवेचना की प्रगति रिपोर्ट को लेकर बनारस बार के पूर्व महामंत्री नित्यानंद राय ने सीजेएम की अदालत में प्रार्थना पत्र दाखिल किया है।

उन्होंने कैंट पुलिस से विवेचना की प्रगति की जानकारी मांगी है। सीजेएम के अवकाश पर होने के कारण शनिवार को सुनवाई नहीं हो सकी। अब सोमवार को सुनवाई होगी। अधिवक्ता नित्यानंद राय का कहना है कि 23 नवंबर 2007 को दोपहर करीब डेढ़ बजे पहले बारह कक्षीय भवन के दक्षिणी हिस्से और दो मिनट बाद कलेक्ट्रेट स्थित हनुमान मंदिर के सामने विस्फोट हुआ था।

बताया क‍ि इसमें तीन अधिवक्ताओं समेत छह लोगों की मौत हुई थी, जबकि 50 से अधिक लोग घायल हुए थे। मामले में कैंट थाने में तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक इंद्रजीत चतुर्वेदी ने हत्या, हत्या के प्रयास और विस्फोटक अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इतना गंभीर मामला होने के बावजूद अब तक विवेचना की प्रगति अदालत के सामने नहीं आई है।

23 नवंबर 2007 को हुए थे धमाके
23 नवंबर 2007 को दोपहर करीब डेढ़ बजे कचहरी परिसर स्थित बारह कक्षीय भवन के दक्षिणी हिस्से में पहला धमाका हुआ था। इसमें अधिवक्ता भोला सिंह की मौत हो गई थी। इसके करीब दो मिनट बाद कलेक्ट्रेट स्थित हनुमान मंदिर के सामने दूसरा विस्फोट हुआ। इसमें अधिवक्ता ब्रह्म प्रकाश शर्मा और बुद्धिराज पटेल समेत छह लोगों की जान गई थी। धमाकों में 50 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे।

करीब 19 साल बाद भी विवेचना की प्रगति सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आने पर शिकायतकर्ता ने अदालत से मामले की अद्यतन स्थिति रिपोर्ट तलब करने की मांग की है।

Leave a Reply