काशी में निर्माणाधीन बड़ी परियोजनाओं को जल्द जनता के लिए तैयार करने की कवायद तेज हो गई है। रोपवे समेत गंजरी क्रिकेट स्टेडियम और अन्य परियोजनाएं निर्माण के अंतिम दौर में हैं।
इसी क्रम में नोडल अधिकारी डॉ. राज शेखर ने सोमवार को जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के साथ रोपवे का निरीक्षण किया। कैंट से गोंडोला में सवार होकर गोदौलिया तक पहुंचे और मौके पर व्यवस्थाओं को परखा। गोदौलिया में सीमित जगह और अत्यधिक भीड़ के बीच परियोजना को अंतिम चरण तक पहुंचाने के प्रयासों की सराहना भी की।
रोपवे के संचालन से पहले टिकटिंग व्यवस्था को सुगम बनाने पर विशेष जोर दिया गया। डॉ. राज शेखर की टीम ने टिकट वेंडिंग मशीन (टीवीएम) से टिकट लेकर ट्रायल किया और कैंट से रथयात्रा तक गोंडोला में यात्रा की। इसके बाद रथयात्रा से गोदौलिया तक सड़क मार्ग से पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

कैंट से गोदौलिया तक होंगे पांच स्टेशन
उन्होंने टिकटिंग व्यवस्था को नॉर्दर्न रेलवे से जोड़ने के लिए टाईअप करने का निर्देश दिया। 50 हजार से अधिक टिकटिंग क्षमता को ध्यान में रखते हुए नमो घाट समेत सभी प्रमुख भीड़भाड़ वाले स्थलों पर टिकट वेंडिंग मशीन लगाने को कहा।
सरकारी कार्यालयों तक भी टीवीएम की सुविधा पहुंचाने के निर्देश दिए ताकि यात्रियों को अलग-अलग स्थानों पर टिकट लेने में परेशानी न हो और अधिक से अधिक लोगों की पहुंच टिकटिंग व्यवस्था तक सुनिश्चित हो सके।
नोडल अधिकारी ने रोपवे के शेष कार्यों को युद्धस्तर पर पूरा करने तथा गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की हर स्तर पर निगरानी के निर्देश दिए। काशी रोपवे करीब 3.75 से 3.85 किलोमीटर लंबा है। कैंट से गोदौलिया तक पांच स्टेशन होंगे और यात्रा करीब 15 मिनट में पूरी होगी।
