‘मिलावट करने वालों को फांसी हो’, बाबा रामदेव की मांग, बोले- मेरा घी या दवाइयां कुछ नकली नहीं

योग गुरु बाबा रामदेव ने दावा किया कि ना तो उनका घी नकली है, ना उनकी दवाइयां और ना ही वह खुद बाबा रामदेव नकली हैं। पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के साथ पैदा हुए विवाद को भी खत्म करने की बात कहते हुए उन्होंने कहा कि वह अपने किसी भी प्रोडक्ट में कोई मिलावट नहीं करते हैं। वह मिलावट करने वालों के घोर विरोधी हैं। उनका तो मत है कि मिलावट करने वालों को फांसी की सजा मिलनी चाहिए।

कोई गलतफहमी नहीं

दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बाबा रामदेव ने पिछले दिनों अपने साथ पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के बीच हुए विवाद के बारे में कहा कि यह कुछ गलतफहमी की वजह से हुआ था। लेकिन अब आपसी बातचीत के बाद इसका पटाक्षेप हो गया। अब उन दोनों के बीच कोई गलतफहमी नहीं रह गई है, अब कोई विवाद नहीं बचा है। वह भी उनके खिलाफ लगाए गए मानहानि के मामले को वापस ले रहे हैं।

बात बढ़ाना नहीं चाहते

रामदेव ने कहा कि वह कोई गांजा-सुल्फा पीने वाले नशेड़ी संत नहीं हैं। उन्होंने कहा कि वह साधु हैं, किसी बात को बढ़ाना नहीं चाहते, उनका लक्ष्य केवल सेवा है। सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत का नाम लिए बिना भी उन्होंने कहा कि पिछले दिनों इसी तरह का एक और विवाद हो गया था। जो आपसी बातचीत से खत्म हो गया। वह किसी भी बात को बढ़ाना नहीं चाहते हैं। उन्होंने कहा कि पतंजलि के गाय के घी को लेकर जो भ्रांति फैलाई गई थी। वह पूरी तरह से गलत हैं। उनका घी पूरी तरह से शुद्ध है, उसमें कोई मिलावट नहीं है। भले ही आप इसे कहीं भी किसी लैब में चेक करा लो।

कोई ऑपरेशन नहीं कराया

उन्होंने इस बात का भी खंडन किया, जिसमें दो-तीन महीनों में उनके हार्ट, हर्निया और घुटने के देश और विदेश में ऑपरेशन वाली बात फैलाई गई थी। उन्होंने दावा किया कि यह सब झूठ है। उन्होंने कहीं भी कोई ऑपरेशन नहीं कराया। वह पूरी तरह से स्वस्थ हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *