पाकिस्तानी क्रिकेटर की शादी में पहुंचे हनी सिंह, आतिफ असलम संग डांस करते वीडियो पर मचा बवाल !

मशहूर भारतीय रैपर यो यो हनी सिंह एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गए हैं। इस बार वजह उनका कोई नया गाना, एल्बम या म्यूजिक वीडियो नहीं है, बल्कि दुबई में हुई एक शादी में उनका शामिल होना है। इस शादी में हनी सिंह पाकिस्तानी सिंगर आतिफ असलम के साथ एक ही फ्रेम में नजर आए। दोनों का एक साथ डांस करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आते ही जहां एक तरफ फैंस खुशी से झूम उठे, वहीं दूसरी तरफ कुछ लोगों ने हनी सिंह को ट्रोल करना भी शुरू कर दिया।

किसकी शादी में पहुंचे दोनों सिंगर?

दरअसल, दुबई में पाकिस्तानी क्रिकेटर बिलाल आसिफ और आबिदा चौधरी की शादी का भव्य समारोह आयोजित किया गया था। बिलाल आसिफ पाकिस्तान के लिए टेस्ट क्रिकेट खेल चुके हैं। उनकी शादी में क्रिकेट और मनोरंजन जगत की कई जानी-मानी हस्तियां शामिल हुईं। इस समारोह में यो यो हनी सिंह और आतिफ असलम भी खास मेहमान के तौर पर पहुंचे थे।


सामने आए वीडियो में दोनों पाकिस्तानी सिंगर अबरार-उल-हक के मशहूर गानों पर डांस करते और शादी का जश्न मनाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में हनी सिंह अपने चिर-परिचित अंदाज में पूरी एनर्जी के साथ डांस करते नजर आ रहे हैं, जबकि आतिफ असलम थोड़े शांत अंदाज में इस जश्न का आनंद लेते दिख रहे हैं। दोनों एक-दूसरे से गले मिलते और दूल्हा-दुल्हन को बधाई देते हुए भी नजर आए। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने भी खूब तालियां बजाईं।

इवेंट होस्ट सादिक सलीम ने शेयर की तस्वीरें और वीडियो

इस शादी समारोह की तस्वीरें और वीडियो इवेंट होस्ट सादिक सलीम ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किए। सादिक सलीम ने इस शाम को होस्ट किया था। उन्होंने अपनी पोस्ट में दोनों सिंगर्स की जमकर तारीफ की।

उन्होंने लिखा, “आतिफ और हनी दोस्त की शादी में पूरी रात डांस करते रहे। दोनों को अबरार-उल-हक के गानों पर डांस करते देखना बेहद खूबसूरत नजारा था।”


सादिक ने आगे लिखा कि हनी सिंह पूरी तरह से एक आइकॉन की तरह स्टाइल और गर्मजोशी के साथ कार्यक्रम में पहुंचे थे। वहीं आतिफ असलम हमेशा की तरह शांत, सहज और विनम्र अंदाज में नजर आए। उन्होंने बताया कि आतिफ असलम अपने कॉन्सर्ट की रिहर्सल के बाद सीधे शादी में पहुंचे थे और उन्होंने अपना वादा निभाया।

सादिक सलीम ने कसा भारत पर तंज

सादिक सलीम ने अपनी पोस्ट में भारत में पाकिस्तानी नेटफ्लिक्स सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ को रोकने की मांग का भी जिक्र किया। उन्होंने तंज कसते हुए लिखा कि एक तरफ पाकिस्तानी सीरीज को रोकने के लिए शिकायत की जा रही है, वहीं दूसरी तरफ यहां दुबई में संगीत, दोस्ती और खुशियों का जश्न मनाया जा रहा है। उन्होंने लिखा, “ऐसा सिर्फ दुबई में ही हो सकता है।”
उनके इस बयान के बाद यह मामला और भी ज्यादा चर्चा में आ गया। लोगों ने इस पोस्ट पर जमकर प्रतिक्रिया देनी शुरू कर दी।

सोशल मीडिया पर उठे सवाल, हनी सिंह हुए ट्रोल

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग दोनों सिंगर्स को एक साथ देखकर बेहद खुश हैं। उनका कहना है कि संगीत की कोई सीमा नहीं होती और दोनों को जल्द ही एक साथ कोई गाना बनाना चाहिए। कई फैंस ने लिखा कि आतिफ की आवाज और हनी सिंह का स्वैग अगर एक साथ आए तो वह गाना सुपरहिट होगा।


वहीं, कुछ यूजर्स हनी सिंह के पाकिस्तानी क्रिकेटर की शादी में शामिल होने पर सवाल उठा रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि भारत में जब पाकिस्तानी कलाकारों के विरोध की खबरें आ रही हैं, तो क्या हनी सिंह को इस बात की जानकारी नहीं थी? एक अन्य यूजर ने तंज कसते हुए हनी सिंह को ‘पाकिस्तानी एजेंट’ तक कह दिया। एक और यूजर ने लिखा कि भारतीय न्यूज चैनलों के लिए आज का टॉपिक यही होगा।

हालांकि, ये सभी प्रतिक्रियाएं सोशल मीडिया यूजर्स की निजी राय हैं। हनी सिंह की तरफ से इस ट्रोलिंग पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

पाकिस्तानी सीरीज के विरोध के बीच बढ़ी चर्चा

हनी सिंह और आतिफ असलम की यह मुलाकात ऐसे समय में सामने आई है, जब भारत में पाकिस्तानी मनोरंजन सामग्री को लेकर विवाद चल रहा है। पाकिस्तानी वेब सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ में फवाद खान और माहिरा खान समेत कई कलाकार नजर आने वाले हैं। यह सीरीज पाकिस्तान की पहली नेटफ्लिक्स ओरिजिनल सीरीज बताई जा रही है और यह 4 दिसंबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने वाली है।


ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर इस सीरीज को भारत में रिलीज होने से रोकने की मांग की है। संगठन का कहना है कि पाकिस्तानी कलाकारों को भारत में काम नहीं करने देना चाहिए।

Leave a Reply