इमरान खान के मामले ने खोली नई बहस, बॉलीवुड में कितने सितारे हैं विदेशी नागरिक?

बॉलीवुड एक्टर इमरान खान को मुंबई पुलिस ने नोटिस भेजा है। अभिनेता ने बीते दिनों मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन में हिस्सा लिया था। मुंबई पुलिस ने इमरान खान को हिरासत में भी लिया था। अब उन्हें पुलिस ने भारत छोड़ने का नोटिस भेजा है। जानिए इमरान से पहले कौनसे सितारों पर नागरिकता को लेकर सवाल खड़ हुए हैं।

अक्षय कुमार: कनाडा की नागरिकता छोड़कर बने भारतीय नागरिक
अक्षय कुमार की नागरिकता का मुद्दा साल 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान काफी चर्चा में रहा था। अमृतसर में जन्मे अक्षय ने अपने करियर के शुरुआती दौर में कनाडा की नागरिकता हासिल कर ली थी। उस समय उनका फिल्मी करियर अच्छा नहीं चल रहा था। बाद में भारत में उनका करियर फिर से चल निकला, लेकिन उनके पास कनाडा का पासपोर्ट बना रहा।

आखिरकार, 15 अगस्त 2023 को अक्षय कुमार ने भारतीय नागरिकता मिलने की जानकारी शेयर की। इसके साथ ही उन्होंने कनाडा की नागरिकता छोड़ दी।

दिलजीत दोसांझ: भारतीय नागरिकता छोड़ बने अमेरिकी नागरिक 
दिलजीत दोसांझ अपनी फिल्मों और गानों के लिए जाने जाते हैं। दिलजीत के पास 2018 तक भारतीय नागरिकता थी। इसके बाद 2022 में उन्होंने अमेरिकी नागरिकता ले ली। इसके बाद से ही दिलजीत अमेरिकी पासपोर्ट होल्डर हैं। 

बता दें कि भारत में दोहरी नागरिकता का प्रावधान नहीं है। इसलिए वे अब भारत में आने-जाने के लिए ई-वीजा का इस्तमाल करते हैं और उनके पास OCI कार्ड भी नहीं है।

अदनान सामी: पाकिस्तानी नागरिकता छोड़कर बने भारतीय नागरिक
गायक अदनान सामी का जन्म लंदन में हुआ था। वह पहले पाकिस्तानी नागरिक थे और साल 2001 में भारत आए थे। भारत में रहने और काम करने के दौरान उनकी नागरिकता को लेकर भी चर्चा हुई।

साल 2015 में उनका पाकिस्तानी पासपोर्ट समाप्त हो गया था। इसके बाद उन्होंने भारत में रहने और भारतीय नागरिकता हासिल करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई। आखिरकार, 1 जनवरी 2016 को उन्हें भारतीय नागरिकता मिल गई। इसके बाद वह आधिकारिक तौर पर भारतीय नागरिक बन गए।

चेतन कुमार अहिंसा: OCI कार्ड को लेकर विवाद
कन्नड़ अभिनेता और सामाजिक कार्यकर्ता चेतन कुमार अहिंसा, जिन्हें चेतन कुमार के नाम से भी जाना जाता है, अमेरिकी नागरिक हैं। वह OCI कार्ड के जरिए भारत में रहकर फिल्मों और सामाजिक मुद्दों पर काम करते रहे हैं।

साल 2023 में उनके कुछ सोशल मीडिया बयानों के बाद उनका OCI कार्ड चर्चा में आ गया। मार्च 2023 में केंद्र सरकार ने उनकी OCI सुविधा रद्द करने का फैसला लिया। हालांकि, चेतन ने इस फैसले को अदालत में चुनौती दी थी। अप्रैल 2023 में कर्नाटक हाईकोर्ट ने उनके OCI कार्ड को रद्द करने के आदेश पर रोक लगा दी थी।

OCI यानी ओवरसीज सिटिजन ऑफ इंडिया कार्ड विदेशी नागरिकों को भारत में रहने और कुछ अन्य सुविधाएं पाने की अनुमति देता है। हालांकि, यह भारतीय नागरिकता नहीं है।

फिरदौस अहमद: चुनाव प्रचार के बाद छोड़ना पड़ा भारत
बांग्लादेशी अभिनेता फिरदौस अहमद साल 2019 में पश्चिम बंगाल में लोकसभा चुनाव के दौरान विवादों में आ गए थे। वह बंगाली फिल्म इंडस्ट्री में काम करते थे और उस समय बिजनेस वीजा पर भारत में मौजूद थे।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिरदौस अहमद को रायगंज लोकसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार कन्हैया लाल अग्रवाल के समर्थन में रोड शो और चुनाव प्रचार करते देखा गया था। इसके बाद भाजपा ने चुनाव आयोग से शिकायत की और एक विदेशी नागरिक के चुनाव प्रचार में शामिल होने पर सवाल उठाए।

मामले के बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय ने उनका बिजनेस वीजा रद्द कर दिया और उन्हें भारत छोड़ने का नोटिस जारी किया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें ब्लैकलिस्ट भी किया गया था। इसके बाद फिरदौस अहमद भारत छोड़कर चले गए। 

गाजी अब्दुल नूर: वीजा खत्म होने के बाद भी भारत में रहने पर विवाद
बांग्लादेशी अभिनेता गाजी अब्दुल नूर, जिन्हें गाजी अब्दुन नूर के नाम से भी जाना जाता है, साल 2019 में पश्चिम बंगाल के चुनाव प्रचार से जुड़े मामले में चर्चा में आए थे। वह बंगाली टीवी शो ‘रानी रश्मोनी’ में अपने अभिनय के लिए पहचाने जाते थे।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें दमदम लोकसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार सौगत रॉय के समर्थन में एक रैली में प्रचार करते देखा गया था। इस मामले को भाजपा ने चुनाव आयोग के सामने उठाया था।

इसके बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय ने उन्हें भारत छोड़ने का नोटिस दिया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उनका वीजा 6 जुलाई 2018 को समाप्त हो गया था, लेकिन इसके बाद भी वह करीब नौ महीने तक भारत में रहे। अधिकारियों ने इसे वीजा नियमों का उल्लंघन माना और उन्हें बांग्लादेश लौटकर नए वीजा के लिए आवेदन करने को कहा।

क्या है इमरान खान से जुड़ा पूरा मामला?
मुंबई पुलिस ने इमरान खान को 28 अक्तूबर तक भारत छोड़ने का नोटिस भेजा है। बता दें कि इमरान खान पर इमिग्रेशन एक्ट की संबंधित धारा के तहत भारतीय नागरिक ना होते हुए भी भारत में इस तरह के प्रदर्शन में शामिल होने के आरोप में करवाई की गई है। 

वहीं इस मामले पर इमरान खान के वकील ने कहा ‘उन्हें देश छोड़ने के लिए जारी किए गए नोटिस के खिलाफ वह बॉम्बे हाई कोर्ट जाएंगे। नियम ओसीआई (ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया) कार्डधारकों को किसी विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेने से नहीं रोकते हैं।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *