भारतीय रेलवे में करियर बनाने की राह देख रहे युवाओं के लिए आने वाले दिन बेहद उम्मीद भरे साबित होने जा रहे हैं। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने इस साल युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार देने की तैयारी तेज कर दी है। बोर्ड द्वारा तय की गई नई रूपरेखा के तहत मात्र 10 महीने के भीतर 7 अलग-अलग श्रेणियों में कुल 27,622 पदों पर नियुक्तियां की जा रही हैं।
रेलवे प्रशासन ने इस 10 महीने की अवधि को भर्ती वर्ष के रूप में गति देने का फैसला किया है। इसका उद्देश्य ट्रैक और संचालन से लेकर प्रशासनिक कार्यों तक सभी रिक्तियों को समयबद्ध तरीके से भरना है, जिससे ट्रेनों के सुरक्षित संचालन के साथ-साथ युवाओं को भी तुरंत अवसर मिल सके।
ड्राइविंग और तकनीकी शाखा में सबसे बड़ा अवसर
इस संपूर्ण भर्ती चक्र में सबसे बड़ा हिस्सा लोको रनिंग स्टाफ का है। सहायक लोको पायलट (ALP) के सर्वाधिक 11,127 पदों पर भर्ती की जा रही है। वहीं तकनीकी कार्यों को मजबूती देने के लिए तकनीशियन संवर्ग में 6,557 पदों पर प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा चुकी है। इंजीनियरिंग और सामग्री प्रबंधन से जुड़े कार्यों के लिए जूनियर इंजीनियर (JE) और सीएमए के 3,993 पदों पर भी प्रक्रिया जारी है। इसके साथ ही, रेलवे अस्पतालों और स्वास्थ्य इकाइयों में सेवाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से पैरामेडिकल स्टाफ के 590 पदों को शामिल किया गया है।

स्टेशन संचालन और गैर-तकनीकी श्रेणी पर भी जोर
प्रशासनिक और संचालन विंग को सुदृढ़ करने के लिए गैर-तकनीकी लोकप्रिय श्रेणी (NTPC) में स्नातक स्तर के 3,548 पद रखे गए हैं। सुरक्षित ट्रेन परिचालन की रीढ़ माने जाने वाले स्टेशन मास्टरों के लिए भी करीब 1,200 नए पदों की घोषणा की तैयारी है। जबकि कंट्रोलिंग व्यवस्था से जुड़े 119 पदों पर चरणबद्ध तरीके से कदम उठाए गए हैं।
12वीं पास युवाओं के लिए भी खुली राह
हाल ही में बोर्ड ने 12वीं स्तर की एनटीपीसी यूजी श्रेणी के तहत 1,688 पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। इसके तहत कमर्शियल-कम-टिकट क्लर्क, जूनियर क्लर्क, अकाउंट्स क्लर्क और ट्रेन्स क्लर्क के पदों पर नियुक्तियां होंगी। इसके लिए 13 नवंबर तक ऑनलाइन फॉर्म स्वीकार किए जाएंगे।
पारदर्शी चयन प्रणाली और शुल्क विवरण
इन सभी पदों पर चयन कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT), पद की जरूरत के अनुसार टाइपिंग टेस्ट और कड़े मेडिकल परीक्षण के माध्यम से होगा। सामान्य और ओबीसी वर्ग के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये और आरक्षित वर्गों के लिए 250 रुपये निर्धारित है। 10 महीने के इस सुनियोजित अभियान से स्पष्ट है कि बोर्ड तय समय-सीमा में प्रक्रिया पूरी करने को लेकर गंभीर है।
महत्वपूर्ण जानकारी
भर्ती का नाम | कुल पद | वर्तमान स्थिति |
सहायक लोको पायलट (ALP) | 11,127 | पहले परीक्षा नवंबर में प्रस्तावित |
तकनीशियन | 6,557 | अक्टूबर में परीक्षा आयोजित |
जूनियर इंजीनियर, डीएमएस, सीएमए | 3,993 | भर्ती प्रक्रिया जारी |
एनटीपीसी (स्नातक स्तर) | 3,548 | आवेदन 6 नवंबर तक |
पैरामेडिकल | 590 | आवेदन प्रक्रिया पूरी |
स्टेशन मास्टर (कंट्रोलर) | 119 | परीक्षा 12-13 अक्टूबर को हुई |
एनटीपीसी (12वीं स्तर) | 1,688 | आवेदन 13 नवंबर तक |
कुल (7 भर्तियां) | 27,622 | 10 माह में प्रक्रियाधीन |
(नोट: स्टेशन मास्टर के करीब 1,200 अतिरिक्त पदों पर भी भर्ती प्रस्तावित है।)
