वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के चिकित्सा विज्ञान संस्थान के अंतर्गत प्रसूति तंत्र विभाग, आयुर्वेद संकाय द्वारा महिला स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन PRASUTICON 2.0 का आयोजन किया जा रहा है। सम्मेलन का उद्घाटन समारोह 8 अक्टूबर 2026 को दोपहर 12 बजे से 1:30 बजे तक स्वातंत्रता भवन, काशी हिंदू विश्वविद्यालय में आयोजित होगा। सम्मेलन का विषय “Clinical & Research Advancement in Women’s Health: From Text to Practice” रखा गया है।
सम्मेलन का उद्देश्य महिला स्वास्थ्य के क्षेत्र में पारंपरिक ज्ञान, क्लीनिकल अनुभव और आधुनिक शोध के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। ‘टेक्स्ट टू प्रैक्टिस’ की अवधारणा के माध्यम से चिकित्सा शिक्षा और शोध में उपलब्ध ज्ञान को व्यवहारिक चिकित्सा पद्धतियों से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा।
दिग्गज विशेषज्ञों की मौजूदगी में होगा उद्घाटन
PRASUTICON 2.0 के उद्घाटन समारोह में देश के प्रमुख शिक्षाविदों और चिकित्सा विशेषज्ञों की मौजूदगी रहेगी। समारोह के मुख्य अतिथि प्रो. सरोज चूरामणि गोपाल होंगे, जो IMS, BHU में प्रतिष्ठित प्रोफेसर (पीडियाट्रिक सर्जरी) के साथ IIT कानपुर के डिपार्टमेंट ऑफ बायोलॉजिकल साइंसेज एंड बायोइंजीनियरिंग में Distinguished Visiting Professor हैं। वहीं, BHU के कुलपति प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी कार्यक्रम के मुख्य संरक्षक हैं।
कार्यक्रम में श्री गौरी शंकर प्रियदर्शी, महानिदेशक, आयुष, उत्तर प्रदेश और डॉ. सुनीता चंद्रा, रजिस्ट्रार, केंद्रीय उच्च तिब्बती अध्ययन संस्थान, सारनाथ, विशेष अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
मालवीय जी और भगवान धन्वंतरि को नमन से होगी शुरुआत
उद्घाटन समारोह की शुरुआत विशिष्ट अतिथियों को मंच पर आमंत्रित करने के बाद भगवान धन्वंतरि और महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण से होगी। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलन, धन्वंतरि वंदना और BHU कुलगीत का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में काश्यपी गौरव गीत भी प्रस्तुत किया जाएगा।
इसके बाद अतिथियों का पुष्प स्वागत किया जाएगा। आयोजन अध्यक्ष प्रो. दीपा मिश्रा स्वागत संबोधन देंगी, जबकि आयोजन उपाध्यक्ष प्रो. सुनीता सुमन सम्मेलन की रूपरेखा और उद्देश्यों पर प्रकाश डालेंगी।

चिकित्सा विशेषज्ञ रखेंगे अपने विचार
कार्यक्रम में IMS, BHU के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट प्रो. पुनीत, आयुर्वेद संकाय के डीन प्रो. के.एच.एच.वी.एस.एस.एन. मूर्ति और IMS के निदेशक प्रो. एस.एन. सांखवार भी संबोधित करेंगे। इसके अलावा डॉ. सुनीता चंद्रा, श्री गौरी शंकर प्रियदर्शी और मुख्य अतिथि प्रो. सरोज चूरामणि गोपाल अपने विचार रखेंगे। अंत में BHU के कुलपति प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी का संबोधन होगा।
उद्घाटन समारोह में अतिथियों का अभिनंदन एवं सम्मान किया जाएगा। डॉ. शिखा सिंह धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करेंगी और इसके बाद राष्ट्रगान होगा। कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों और प्रतिभागियों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई है।
PRASUTICON 2.0 के माध्यम से महिला स्वास्थ्य के क्षेत्र में क्लीनिकल अनुभव और शोध के बीच संवाद को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। BHU में आयोजित यह सम्मेलन चिकित्सा विशेषज्ञों, शिक्षकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों के लिए महिला स्वास्थ्य से जुड़े नवीन दृष्टिकोणों को समझने और साझा करने का महत्वपूर्ण मंच साबित हो सकता है।
