वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के शिक्षा संकाय में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के अनुरूप शिक्षण पद्धतियों को अधिक व्यावहारिक, रोचक और विद्यार्थी-केंद्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। 19 नवंबर 2026 को शिक्षा संकाय के मनोहर लाल जुत्शी सभागार में ‘अनुभवात्मक अधिगम एवं पाठ्यपुस्तकों से परे सीखना’ विषय पर विशेष व्याख्यान एवं संवाद सत्र आयोजित किया गया। इसमें शिक्षकों और भावी शिक्षकों को गतिविधि आधारित शिक्षण तथा वास्तविक जीवन के अनुभवों के माध्यम से विद्यार्थियों को पढ़ाने के तरीकों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में प्रो. विजय पाल सिंह उपस्थित रहे। वह राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (NCERT), नई दिल्ली के विज्ञान एवं गणित शिक्षा विभाग (DESM) में विज्ञान शिक्षा के पूर्व प्रोफेसर तथा शैक्षिक किट प्रभाग के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं। इस अवसर पर शिक्षा संकाय, बीएचयू की प्रो. सुनीता सिंह भी मौजूद रहीं। कार्यक्रम का संयोजन डॉ. प्रतीक चौरसिया ने किया।
NEP 2020 के अनुरूप अनुभवात्मक शिक्षा पर जोर
व्याख्यान के दौरान प्रो. विजय पाल सिंह ने शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया में अनुभवात्मक अधिगम, व्यावहारिक अनुभवों और गतिविधि आधारित शिक्षण पद्धतियों की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इन तरीकों से पारंपरिक कक्षा शिक्षण को अधिक सहभागी, रुचिकर और प्रभावशाली बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम में बीएड के भावी शिक्षकों को विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, भाषा और गणित विषयों में गतिविधि आधारित शिक्षण का विशेष अभिमुखीकरण दिया गया। इसका उद्देश्य भावी शिक्षकों को सैद्धांतिक अवधारणाओं को वास्तविक जीवन की परिस्थितियों से जोड़ने और पाठ्यपुस्तकों पर निर्भरता से आगे बढ़कर नवाचारी शिक्षण विधियों को अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
गणित की नई कार्यपुस्तिका विकसित करने पर विशेषज्ञों का मंथन
व्याख्यान के अतिरिक्त शिक्षा संकाय में विश्वविद्यालय के संस्थान उत्कृष्टता प्रकोष्ठ (IoE) द्वारा वित्तपोषित शोध परियोजना के अंतर्गत विशेषज्ञ परामर्श बैठक भी आयोजित की गई। इस परियोजना का शीर्षक ‘मध्य स्तर के विद्यार्थियों के लिए कम्प्यूटेशनल थिंकिंग (CT) आधारित गणित कार्यपुस्तिका का विकास’ है।
बैठक का आयोजन हाइब्रिड मोड में किया गया। इसमें देश के विभिन्न प्रतिष्ठित शैक्षणिक एवं शोध संस्थानों के विशेषज्ञों ने भाग लिया। इनमें प्रो. आयुष्मान गोस्वामी (NCERT, अजमेर), प्रो. माधवन मुकुंद (चेन्नई गणित संस्थान), डॉ. एस. नीति (IIT मद्रास), डॉ. के. थियागु (केंद्रीय विश्वविद्यालय, कर्नाटक), प्रो. अमित गौतम (NIEPA, नई दिल्ली) और डॉ. सौरभ कुमार (NCERT, भोपाल) शामिल रहे।
शिक्षा संकाय के आंतरिक विशेषज्ञ प्रो. अजीत कुमार राय और डॉ. सोमू सिंह ने भी अपने सुझाव प्रस्तुत किए। बैठक में डॉ. विनोद कुमार सिंह सहित शोधार्थी गिरिजेश, शेषिका और भूपेन्द्र तथा शोध सहायक अमित कुमार ने सहभागिता की।

गणितीय और शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने पर चर्चा
विशेषज्ञों ने तैयार की जा रही गणित कार्यपुस्तिका की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने इसके गणितीय और शैक्षणिक पक्षों को बेहतर बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। चर्चा में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा 2023 के अनुरूप दक्षता आधारित, अनुभवात्मक और अन्वेषणपरक अधिगम को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
कार्यपुस्तिका के माध्यम से विद्यार्थियों में आलोचनात्मक चिंतन, सृजनात्मकता और समस्या समाधान जैसे कौशल विकसित करने की परिकल्पना की गई है। विशेषज्ञों के सुझावों को शामिल कर इसका संशोधित संस्करण तैयार किया जाएगा। इसके बाद मध्य स्तर के विद्यार्थियों के बीच कार्यपुस्तिका का प्रायोगिक परीक्षण किया जाएगा।
कार्यक्रम और परामर्श बैठक के अंत में डॉ. प्रतीक चौरसिया ने सभी विशेषज्ञों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने शोध परियोजना के संचालन में शिक्षा संकाय और BHU के संस्थान उत्कृष्टता प्रकोष्ठ (IoE Cell) के सहयोग के लिए भी धन्यवाद ज्ञापित किया।
