खेती की बढ़ती लागत, मिट्टी की घटती उर्वरता और रासायनिक उर्वरकों के असंतुलित इस्तेमाल जैसी चुनौतियों के बीच किसानों को वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों से जोड़ने के लिए काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) और मृदा एवं भूमि उपयोग सर्वेक्षण संस्थान (SLUSI), नई दिल्ली ने संयुक्त पहल की है। राष्ट्रीय मृदा मानचित्रण कार्यक्रम (NSMP 1:10K) के अंतर्गत ‘खेत बचाओ अभियान’ के तहत जौनपुर जिले के ग्राम लालपुर में किसान जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
26 नवंबर 2026 को ग्राम लालपुर, पोस्ट जलालपुर, तहसील केराकत में आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के प्रगतिशील किसानों और कृषक समुदाय ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान ने की। इसमें विशेषज्ञों ने किसानों को मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, प्राकृतिक खेती, जैविक कृषि और संतुलित उर्वरक प्रबंधन के विभिन्न वैज्ञानिक तरीकों की जानकारी दी।
मृदा परीक्षण से कम होगी खेती की लागत
कार्यक्रम में बीएचयू के कृषि विज्ञान संस्थान के मृदा विज्ञान एवं कृषि रसायन विभाग के प्रो. पी. के. शर्मा ने वैज्ञानिक मृदा परीक्षण के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने किसानों को खेत से मिट्टी के नमूने लेने की सही प्रक्रिया और मृदा परीक्षण रिपोर्ट के अनुसार उर्वरकों के इस्तेमाल का तरीका समझाया। उन्होंने कहा कि मिट्टी की वास्तविक पोषक जरूरतों को समझकर उर्वरकों का प्रयोग करने से खेती की लागत कम की जा सकती है। इससे पोषक तत्वों का बेहतर उपयोग होता है और मिट्टी की उर्वरता लंबे समय तक बनी रहती है।
प्राकृतिक और जैविक खेती अपनाने की अपील
डॉ. आशीष एम. लटारे ने प्राकृतिक खेती के महत्व पर प्रकाश डालते हुए किसानों को स्थानीय संसाधनों का अधिकतम उपयोग करने और रासायनिक कृषि आदानों पर निर्भरता कम करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने पर्यावरण के अनुकूल कृषि पद्धतियों को अपनाने की आवश्यकता बताई।
वहीं, डॉ. रामअवतार मीना ने जैविक खेती को टिकाऊ कृषि का महत्वपूर्ण आधार बताया। उन्होंने कम्पोस्ट, वर्मी कम्पोस्ट, हरी खाद और फसल अवशेषों के उचित प्रबंधन पर जोर दिया। उनके अनुसार, जैविक पदार्थों के नियमित उपयोग से मिट्टी में जैविक कार्बन और लाभकारी सूक्ष्मजीवों की सक्रियता बढ़ती है। उन्होंने किसानों को मृदा की दीर्घकालीन उर्वरता बनाए रखने के लिए समन्वित पोषक तत्व प्रबंधन (INM) अपनाने की सलाह दी।

भूमि की गुणवत्ता के अनुसार करें फसल का चयन
डॉ. एस. एन. सिंह ने वैज्ञानिक भूमि उपयोग की आवश्यकता पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि किसानों को भूमि की प्रकृति, मिट्टी की गुणवत्ता और उत्पादन क्षमता के अनुसार फसलों का चयन करना चाहिए। भूमि संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग न केवल कृषि उत्पादकता बढ़ाने में सहायक है, बल्कि भूमि क्षरण को रोकने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
स्वस्थ मिट्टी से ही टिकाऊ कृषि संभव
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने कहा कि स्वस्थ मृदा टिकाऊ कृषि और खाद्य सुरक्षा का मूल आधार है। किसानों से नियमित मृदा परीक्षण कराने, संतुलित उर्वरकों का प्रयोग करने तथा प्राकृतिक और जैविक खेती की वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाने की अपील की गई।
ग्राम प्रधान और प्रगतिशील किसानों ने BHU एवं SLUSI की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम किसानों को आधुनिक वैज्ञानिक कृषि तकनीकों से जोड़ने और खेती को अधिक टिकाऊ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम का मुख्य संदेश रहा— स्वस्थ मृदा, समृद्ध किसान और टिकाऊ कृषि।
