Varanasi Air Pollution: काशी की हवा में सांस लेना 11 सिगरेट पीने के बराबर, AQI 224 पहुंचा

Varanasi Air Pollution: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में दीपावली पर हुई आतिशबाजी का असर अब हवा की गुणवत्ता पर दिखाई देने लगा है. पटाखों के धुएं और सड़कों पर उड़ती धूल के कारण इस बार काशी की हवा पिछले साल के मुकाबले ज्यादा प्रदूषित रही. पिछले वर्ष दीपावली पर वाराणसी का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 191 दर्ज किया गया था, जबकि इस बार आठ नवंबर को यह बढ़कर 224 पहुंच गया. यानी पिछले साल की तुलना में प्रदूषण में 33 अंकों की बढ़ोतरी हुई है.

नवंबर शुरू होते ही बिगड़ने लगी वाराणसी की हवा

उत्तर प्रदेश के वाराणसी में नवंबर की शुरुआत से ही वायु प्रदूषण बढ़ने लगा था. महीने के पहले दो दिनों में एक्यूआई 100 से नीचे रहा, लेकिन तीन नवंबर के बाद इसमें तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की गई. महज छह दिनों में एक्यूआई 85 से बढ़कर 224 पहुंच गया. शहर के मलदहिया और भेलूपुर इलाकों में स्थिति ज्यादा चिंताजनक रही. आठ नवंबर को यहां एक्यूआई 250 के पार दर्ज किया गया.

आठ दिनों में 143 अंक बढ़ा वाराणसी का AQI

समीर ऐप पर दर्ज आंकड़ों के मुताबिक, नवंबर के पहले आठ दिनों में काशी की हवा लगातार खराब हुई. एक से आठ नवंबर के बीच वायु गुणवत्ता सूचकांक में कुल 143 अंकों की बढ़ोतरी हुई. वाराणसी में हर दिन दर्ज एक्यूआई का आंकड़ा इस प्रकार है.

  • 1 नवंबर – 81
  • 2 नवंबर – 85
  • 3 नवंबर – 132
  • 4 नवंबर – 134
  • 5 नवंबर – 138
  • 6 नवंबर – 147
  • 7 नवंबर – 175
  • 8 नवंबर – 224

UP में बच्चों और बुजुर्गों को बरतनी होगी सावधानी

वाराणसी में एक्यूआई 224 पहुंचने के बाद हवा खराब श्रेणी में आ गई है. एक्यूआई 201 से 300 के बीच होने पर इसे खराब माना जाता है. ऐसी हवा में लंबे समय तक रहने से सांस लेने में परेशानी हो सकती है. खासकर बच्चों, बुजुर्गों और अस्थमा, हृदय व फेफड़ों की बीमारी से पीड़ित लोगों को अधिक सावधानी बरतने की जरूरत है.

वाराणसी की प्रदूषित हवा एक दिन में 11 सिगरेट जितनी नुकसानदायक

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, इस समय काशी की हवा में प्रदूषण का स्तर काफी अधिक है. मौजूदा हवा में सांस लेना एक दिन में 11 सिगरेट पीने जितना नुकसानदायक हो सकता है. दीपावली पर हुई आतिशबाजी से प्रदूषण और बढ़ गया है. हालांकि त्योहार से पहले भी वाराणसी की हवा पूरी तरह साफ नहीं थी. प्रदूषण का स्तर कम होने और हवा की गुणवत्ता में सुधार आने में अभी कुछ समय लग सकता है.

पटाखों के धुएं से बढ़ी उत्तर प्रदेश के इस शहर की परेशानी

बीएचयू के टीवी एवं चेस्ट विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. जीएन श्रीवास्तव के अनुसार, दीपावली के दौरान आतिशबाजी से वायु प्रदूषण बढ़ता है. वाराणसी में त्योहार से पहले भी हवा की गुणवत्ता खराब रही है. ऐसे में प्रदूषण कम होने और हवा को सामान्य होने में अभी समय लगेगा.

Leave a Reply