कोबरा को नीले ड्रम में बंद कर खुशी से झूम उठे चचा! नागिन धुन पर फिसले, वीडियो वायरल

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक बुजुर्ग शख्स का वीडियो खूब वायरल हो रहा है। वीडियो में बुजुर्ग जिस अंदाज में जहरीले कोबरा सांप का सामना करते नजर आ रहे हैं, उसे देखकर किसी की भी सांसें थम सकती हैं। खास बात यह है कि इस पूरे घटनाक्रम के दौरान बैकग्राउंड में नागिन की धुन बजती सुनाई दे रही है, जिसने वीडियो को और भी दिलचस्प बना दिया है।

आंगन में निकला खतरनाक कोबरा, डंडे से ड्रम की ओर किया काबू

इंस्टाग्राम अकाउंट @amar2431singh पर शेयर की गई यह वीडियो क्लिप रात के समय की बताई जा रही है। वीडियो में एक घर के आंगन में जहरीला कोबरा फन फैलाए नजर आता है। वहीं, एक बुजुर्ग शख्स हाथ में लंबा डंडा लेकर सांप को नीले रंग के ड्रम की ओर ले जाने की कोशिश करते दिखाई देते हैं।

कोबरा बार-बार अपना फन उठाकर बचने की कोशिश करता है, जबकि बुजुर्ग लगातार उसे ड्रम की तरफ धकेलते रहते हैं। इस दौरान आसपास मौजूद लोगों की आवाजें भी सुनाई देती हैं।

नागिन धुन पर फिसले चचा, लेकिन नहीं छोड़ा ड्रम

वीडियो का सबसे मजेदार और हैरान करने वाला हिस्सा तब आता है, जब बुजुर्ग अचानक अपना संतुलन खो बैठते हैं और पीठ के बल जमीन पर गिर जाते हैं। लेकिन गिरने के बावजूद उनके हाथ से ड्रम नहीं छूटता। वह जमीन पर लेटे-लेटे ही ड्रम को ऊपर उठा लेते हैं।

इसके बाद वह किसी तरह उठते हैं और ड्रम को सीधा कर देते हैं। कोबरा ड्रम के अंदर बंद हो जाता है। सांप को बंद करने के बाद बुजुर्ग खुशी से उछलते और झूमते नजर आते हैं, मानो उन्होंने कोई बड़ी जंग जीत ली हो।

‘एक Kiss और चचा निकल लिए होते’, कमेंट में लोगों ने लिए मजे

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स भी मजेदार प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। एक यूजर ने मजाक में लिखा, ‘एक Kiss और चचा निकल लिए होते।’ वहीं, कुछ लोगों ने नागिन की धुन और बुजुर्ग के गिरने वाले सीन को वीडियो का सबसे मजेदार हिस्सा बताया।

कई यूजर्स बुजुर्ग की हिम्मत की तारीफ कर रहे हैं, तो कुछ लोग इस तरह के जोखिम भरे स्टंट को लेकर चिंता भी जता रहे हैं।

कोबरा से दूरी बनाना जरूरी, न करें ऐसा जोखिम भरा काम

वीडियो भले ही मनोरंजक लग रहा हो, लेकिन कोबरा बेहद जहरीला सांप होता है। उसके करीब जाना या खुद पकड़ने की कोशिश करना जानलेवा साबित हो सकता है। सांप को पकड़ने के लिए प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम की मदद लेनी चाहिए।

ऐसे में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो को देखकर उत्साहित होने के बजाय सावधानी बरतना जरूरी है। सांप दिखाई देने पर उससे सुरक्षित दूरी बनाए रखें और स्थानीय वन विभाग या प्रशिक्षित स्नेक रेस्क्यूअर से संपर्क करें।

Leave a Reply