वाराणसी : प्रख्यात शहनाई वादक उस्ताद भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्ला खां के घर को लेकर राजनीति जमकर हो रही है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने यूपी सरकार पर उनके घर पर बुलडोजर चलाने का आरोप लगाया। एक वरिष्ठ कम्युनिस्ट नेता ने भी सरकार पर आरोप लगाए हैं। इसके अलावा फिल्मकार अनुभव सिन्हा सहित कला जगत के कुछ लोगों ने भी सरकार को निशाना बनाया है। जबकि वास्तविकता यह है कि उस्ताद बिस्मिल्ला खां का मकान किसी ने नहीं तोड़ा है। उनके एक पोते यह मकान बनवा रहे हैं। इसके लिए की गई तोड़फोड़ की तस्वीरों को गलत अर्थ के साथ सोशल मीडिया पर पेश किया जा रहा है।
बहुत जर्जर हो गया मकान
शहनाई वादक दिवंगत उस्ताद बिस्मिल्ला खां का परिवार अपने पुराने पैतृक घर की मरम्मत करवा रहा है। इसको लेकर उस्ताद बिस्मिल्लाह खां के पोते और मकान मालिक मोहम्मद सिब्तैन ने कहा, ‘ये मकान मेरे पिता महताब हुसैन के नाम था, जिनके साथ मेरे दादा रहते थे। अब तय मकान एकदम जर्जर हालत में है। अब इसको मैं स्वयं बनाने जा रहा हूं। इसमें किसी सरकार या और किसी का कोई हस्तक्षेप इसमें नहीं है। मैं इसे अपनी मर्जी से बना रहा हूं।’

उस्ताद के पोते मोहम्मद चितैन पुराने घर की जगह नया घर बनाकर उसमें अपने दादा की स्मृतियों को संजोने के लिए उसे संग्रहालय का स्वरूप देना चाहते हैं। उन्होंने राजनीतिक बयानबाजी का खंडन किया है। बिस्मिल्ला खां के वारिसों का कहना है कि मकान की स्थिति खराब होने के कारण वे आपसी सहमति से इसका नया निर्माण करा रहे हैं।
CPI-M के नेता एम बेबी ने घर ढहाने पर दुख जताया
उधर, विपक्षी राजनीतिक दल इस निर्माण को लेकर सरकार पर हमले कर रहे हैं। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) (CPI-M) के महासचिव और पूर्व राज्यसभा सांसद एम बेबी ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा है- ‘वाराणसी में उस्ताद बिस्मिल्लाह खां के पैतृक घर को ढहा दिए जाने से गहरा सदमा लगा है और बहुत दुख हुआ है। यह वही घर था जहां उन्होंने रियाज किया और अपने संगीत को निखारा था।’
अनुभव सिन्हा ने कहा- सड़क बनाई जा रही!
फिल्मकार अनुभव सिन्हा ने उस्ताद बिस्मिल्ला खां के भारतीय संगीत में योगदान का जिक्र करते हुए उनके घर में तोड़फोड़ का कारण वहां पर सड़क का निर्माण होना बताया है। उन्होंने एक्स पर एक लंबी पोस्ट के अंतिम हिस्से में लिखा है- ‘भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खां साहब का घर टूट गया बनारस में। उधर से कोई सड़क गुजरनी है। सड़कें भी जरूरी हैं। मुझे विश्वास है बनारस ने सब कुछ किया होगा उसे बचाने के लिए। बनारस और ख़ां साहब को बड़ा प्यार था एक दूसरे से। दुनिया भर में बुलाए जाते थे पर लौट के बनारस आते थे। कहते थे दुनिया भर में बनारस जैसी कोई जगह नहीं। उनका घर टूट गया। खैर अब तो टूट गया। बेहद जरूरी ही रहा होगा उसका टूटना, तो कारण वो नहीं है ये लिखने का। ये तो अपने से छोटों के लिए लिखा है। कारण ये है कि आप में से जो नहीं जानते उनको, जानिए, सुनिए, आगे की नस्ल को बताइए। मां सरस्वती और भगवान शिव के उपासक थे। मौलाना भी थे। गंगा में नहा के मंदिर के पीछे बैठ के रियाज करते थे। देश का गौरव थे। उनको और उनके संगीत को अगली नस्ल तक ले जाने की जिम्मेदारी आपकी है। हमारी नस्ल तो उनका घर तक नहीं बचा सकी। जरूर कीजिएगा। वो धरोहर और जिम्मेदारी हैं हमारी।’
अखिलेश यादव ने सरकार पर आरोप लगाया
इससे पहले समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक्स पर एक वीडियो के साथ एक पोस्ट में सरकार पर आरोप लगाए थे। वीडियो के शीर्षक में लिखा – ‘भारत रत्न बिस्मिल्ला खां ने देश को शहनाई की धुन दी और निकम्मी सरकार ने उन्हीं के घर पर बुलडोजर चला दिया।’
अखिलेश यादव ने लिखा- ’जिनके लिए शहनाई नहीं बजी, उनसे और क्या उम्मीद करना? भाजपा और उनके संकीर्ण सोच के संगी-साथी कला और कलाकारों के हमेशा खिलाफ रहते हैं क्योंकि इन पुरातनपंथी रूढ़िवादियों की ये संकरी मानसिकता होती है कि रचनात्मक लोग ही समाज में परिवर्तन की भूमि और भूमिका बनाते हैं। सकारात्मक कला सहृदयता को जन्म देती है और सहनशीलता को भी। इसीलिए कला के हर रूप को ये अपने एजेंडे के रास्ते में रोड़ा मानते हैं या फिर कला को अपने एजेंडे के लिए इस्तेमाल करके उसको नकारात्मक बना देना चाहते हैं। ’
वीडीए ने की जांच
उस्ताद बिस्मिल्ला खां के मकान को तोड़े जाने के मामले की वाराणसी विकास प्राधिकरण (VDA) ने जांच की है। वीडीए ने कहा है कि मकान को किसी सरकारी कार्रवाई के तहत ध्वस्त नहीं किया गया है। तोड़फोड़ उस्ताद बिस्मिल्लाह खां के परिवार के लोगों ने कराया है।
कई साल से उस्ताद के परिवार में चल रहा विवाद
वाराणसी में उस्ताद बिस्मिल्ला खां के परिवार में संपत्ति को लेकर कई साल से विवाद चल रहा है। अगस्त 2020 में यह विवाद सामने आया था। तब उनके परिवार में एक पक्ष मकान को तोड़कर वहां व्यावसायिक केंद्र बनाना चाहता था और दूसरा पक्ष घर को धरोहर के रूप में बचाए रखना चाहता था। इस दौरान घर के एक हिस्से में तोड़फोड़ भी की गई थी जिस पर स्थानीय प्रशासन ने हस्तक्षेप किया था। वाराणसी विकास प्राधिकरण ने वहां चल रही तोड़फोड़ रुकवा दी थी। उस समय बिस्म्मिल्लाह खां के पोते मोहम्मद सिब्तैन ने कहा था कि, यह मकान किसी को दिया नहीं गया है। मकान की स्थिति खराब है। ऊपर का वजन कम करने के लिए एक कमरे को गिराया है। ऐसा न करने पर मकान बैठ जाएगा।
उस्ताद बिस्मिल्ला खां को सन 2001 में देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से अलंकृत किया गया था। इसके अलावा उन्हें इससे पहले पद्म विभूषण, पद्म भूषण, पद्म श्री और संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था। वाराणसी में 21 अगस्त 2006 को शहनाई को लोकप्रिय बनाने वाले उस्ताद बिस्मिल्ला खां का निधन हुआ था।
