Varanasi Weather: चक्रवात अर्नब से कांपा पूर्वांचल, वाराणसी समेत कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

Varanasi Weather: पूर्वांचल सह‍ित वाराणसी में मौसम का रुख अर्नब चक्रवात की वजह से बदला हुआ है। तेज गत‍ि से चल रही हवाओं का रुख दो द‍िनों से बना हुआ है तो 24 घंटों से अध‍िक समय से लगातार हो रही बरसात की वजह से आम जनजीवन अस्‍त व्‍यस्‍त हो चुका है। 

तेज हवाओं की वजह से तैयार हो चुकी फसलें जमीन पर लोट गई हैं और तैयार होने की ओर पहुंची सब्‍ज‍ियों की खेती को व्‍यापक नुकसान हो रहा‍ है। जबक‍ि पानी भरने की वजह से फसलें सड़ने की स्‍थि‍त‍ि आने की संभावना बढ़ गई है। इसकी वजह से किसानों को व्‍यापक नुकसान होना तय माना जा रहा है। 

तेज हवाओं और लगातार बारिश से जनजीवन हुआ प्रभावित

बीते चौबीस घंटों में अध‍िकतम तापमान 24.5°C दर्ज क‍िया गया जो सामान्‍य से 7.2 डि‍ग्री कम रहा। न्‍यूनतम तापमान 18.0°C दर्ज क‍िया गया जो सामान्‍य से 0.2 ड‍िग्री अध‍िक रहा। बार‍िश इस दौरान 029.4mm दर्ज की गई। आर्द्रता इस दौरान अध‍िकतम 98% और न्‍यूनतम 96% दर्ज की गई। आर्द्रता बढ़ने की वजह से बार‍िश का दौर बना हुआ है। मौसम का रुख तल्‍ख है तो लगातार बार‍िश ने जनजीवन को पूरी तरह से प्रभाव‍ित कर रखा है।

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, तराई के छह जिलों में अति भारी बारिश हो सकती है, जबकि पूर्वी यूपी के 13 जिलों में भारी बारिश की संभावना है। पश्चिमी यूपी के नौ जिलों में ओले गिरने के आसार हैं। प्रदेश के 50 जिलों में गरज-चमक के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

सुबह से छाए बादल, कई जिलों में बारिश

बृहस्पतिवार सुबह वाराणसी, अयोध्या और गोरखपुर समेत पूर्वी यूपी के कई जिलों में बारिश हुई। सोनभद्र, मीरजापुर और विंध्य क्षेत्र के अन्य जिलों में भी बूंदाबांदी हुई। मेरठ में सुबह धुंध और ठंड के साथ दिन की शुरुआत हुई। लखनऊ समेत प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश हुई, जबकि कई जगह घने बादल छाए रहे।

सहारनपुर में वज्रपात की सूचना मिली। बारिश और तेज हवाओं से तापमान में गिरावट आई और मौसम में ठंडक बढ़ गई। 23.1 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ मेरठ में सबसे ठंडा दिन रहा वहीं 16.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ मुजफ्फरनगर में सबसे ठंडी रात रही.


तूफान के साथ पश्चिमी विक्षोभ भी बढ़ाएगा असर

वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, चक्रवाती तूफान अर्नब और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से शुक्रवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक की गतिविधियां हो सकती हैं।

इन छह जिलों में है अति भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट

कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच एवं आस पास के क्षेत्र।

इन 13 जिलों में भारी वर्षा का येलो अलर्ट

आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, गोंडा, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, अयोध्या, अंबेडकर नगर एवं आस पास के क्षेत्र।

Leave a Reply