वाराणसी। काशी विश्वनाथ धाम की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में उत्तर प्रदेश सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। बाबा विश्वनाथ धाम की सुरक्षा को चाक-चौबंद करने के लिए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के दो नए बेस स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए वाराणसी के नमो घाट के पास किला कोहना और आदिकेशव घाट के निकट सरायमोहना (अभिलेखों में सरैताबाद) में कुल 4.19 एकड़ सरकारी जमीन सीआरपीएफ को आवंटित करने का निर्णय लिया गया है। यह जमीन 90 वर्षों के लिए निःशुल्क पट्टे पर दी जाएगी।
इस फैसले के बाद काशी विश्वनाथ धाम की सुरक्षा व्यवस्था को संस्थागत मजबूती मिलने की उम्मीद है। नए बेस स्थापित होने से किसी भी आपात स्थिति में सुरक्षा बलों को घटनास्थल तक पहुंचने और त्वरित कार्रवाई करने में मदद मिलेगी। खासकर देश-विदेश से प्रतिदिन काशी पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
नमो घाट और सरायमोहना में बनेंगे CRPF के दो बेस
प्रशासनिक जानकारी के मुताबिक, तहसील सदर के अंतर्गत ग्राम किला कोहना और सरैताबाद में स्थित कुल 4.19 एकड़ सरकारी भूमि केंद्रीय गृह मंत्रालय को निःशुल्क पट्टे पर आवंटित की जाएगी। किला कोहना का क्षेत्र नमो घाट के पास स्थित है, जबकि सरायमोहना आदिकेशव घाट के निकट है।
इन दोनों स्थानों पर सीआरपीएफ के बेस स्थापित होने से काशी विश्वनाथ धाम और आसपास के महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की उपलब्धता बेहतर होगी। सुरक्षा संबंधी किसी भी चुनौती या आपातकालीन परिस्थिति में जवानों को कम समय में तैनात किया जा सकेगा।
44 करोड़ रुपये से अधिक है जमीन का बाजार मूल्य
सर्किल रेट के अनुसार, आवंटित की जाने वाली 4.19 एकड़ जमीन का वर्तमान बाजार मूल्य लगभग 44.04 करोड़ रुपये आंका गया है। यह भूमि नॉन-जेडए श्रेणी की सरकारी जमीन है। इसे सरकारी संपत्ति के प्रबंधन से संबंधित (संशोधन) नियमावली, 2003 के विशेष प्रावधानों के तहत अधिकतम 90 वर्षों के लिए आवंटित किया जाएगा।
पट्टे की अवधि प्रत्येक 30 वर्ष पर नवीनीकृत की जाएगी। हालांकि, जमीन का वास्तविक स्वामित्व उत्तर प्रदेश शासन के राजस्व विभाग के पास ही रहेगा। सीआरपीएफ इस भूमि का उपयोग केवल सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से कर सकेगी। इसे किसी अन्य व्यक्ति या संस्था को बेचा अथवा हस्तांतरित नहीं किया जा सकेगा।

पहले से तैनात हैं CRPF की बटालियन
काशी विश्वनाथ-ज्ञानवापी परिसर की सुरक्षा में सीआरपीएफ की तैनाती का इतिहास भी पुराना है। वर्ष 2007 में शहर में विभिन्न स्थानों पर हुए आतंकवादी विस्फोटों के बाद परिसर की सुरक्षा के लिए सीआरपीएफ की 95वीं बटालियन को तैनात किया गया था। इसके अलावा यहां पहले से 40वीं बटालियन की भी तैनाती है।
वाराणसी के पहाड़िया क्षेत्र में सीआरपीएफ की एक बटालियन पहले से मौजूद है, जबकि इसका मुख्यालय चंदौली के चकिया में स्थित है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को मिलेगी प्राथमिकता
प्रशासन का मानना है कि नमो घाट और सरायमोहना में दो नए बेस स्थापित होने से सुरक्षा व्यवस्था को स्थायी और प्रभावी आधार मिलेगा। इससे न केवल काशी विश्वनाथ धाम बल्कि आसपास के महत्वपूर्ण धार्मिक और पर्यटन स्थलों की सुरक्षा तैयारियों को भी मजबूती मिल सकती है।
काशी में हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में सुरक्षा बलों की बेहतर उपलब्धता, त्वरित प्रतिक्रिया और आपातकालीन प्रबंधन की क्षमता बढ़ाना प्रशासन की प्राथमिकता है। दो नए सीआरपीएफ बेस इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माने जा रहे हैं।
