बेटियां अब रात में भी काम कर लौट रहीं घर ! PM ने सुनाया काशी का अनुभव, योगी सरकार की तारीफ में कही ये बात

UP News: रात की शिफ्ट खत्म होने के बाद घर लौटती बेटी के मन में सुरक्षा का भरोसा होना किसी भी समाज के लिए बड़ी बात है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश में महिला सुरक्षा के बदलते माहौल का जिक्र करते हुए काशी की एक कामकाजी युवती का अनुभव साझा किया. उन्होंने बताया कि फैक्ट्री में काम करने वाली एक लड़की रात 11 बजे भी अकेले घर लौटने में सहज महसूस करती है. पीएम ने इसे यूपी में सुरक्षा व्यवस्था में आए बदलाव से जोड़ते हुए योगी सरकार की तारीफ की.

काशी की फैक्ट्री में काम करने वाली लड़की का सुनाया अनुभव

पीएम मोदी ने अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे का जिक्र किया. उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले काशी में एक फैक्ट्री के उद्घाटन के दौरान उनकी मुलाकात वहां काम करने वाली एक युवती से हुई थी. बातचीत के दौरान लड़की ने बताया कि वह रात 11 बजे काम खत्म करने के बाद भी अकेले घर लौट जाती है. पीएम ने कहा कि यह अनुभव प्रदेश में सुरक्षा को लेकर बदले माहौल की तस्वीर पेश करता है.

बोले- सूरज ढलने के बाद घर से निकलना पहले मुश्किल था

प्रधानमंत्री ने कहा कि यूपी के लोग जानते हैं कि पहले शाम होने के बाद बेटियों का घर से बाहर निकलना कितना मुश्किल माना जाता था. ऐसे में देर रात काम के बाद महिलाओं का सुरक्षित घर लौट पाना एक अहम बदलाव है. उन्होंने सुरक्षा के इस भरोसे को सरकार की उपलब्धि से जोड़ते हुए योगी सरकार की सराहना की.

युवाओं से कहा- बड़े सपने देखें, अपने हुनर को निखारें

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने युवाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि युवा बड़े सपने देखें और उन्हें पूरा करने के लिए अपनी क्षमता और कौशल को लगातार बेहतर बनाएं. पीएम ने युवाओं को भरोसा दिलाया कि वे अकेले नहीं हैं. उन्होंने माता-पिता के सपनों को पूरा करने और अपने हुनर से समाज व देश की तरक्की में योगदान देने की अपील भी की.

कम सोना खरीदने की अपील का भी किया जिक्र

पीएम मोदी ने सोने की खरीद कम करने की अपनी अपील को भी याद किया. उन्होंने कहा कि जब उन्होंने लोगों से कम सोना खरीदने की बात कही थी, तब कई लोगों ने इसका मजाक उड़ाया था. लेकिन अब सोने की कीमतों में गिरावट के बाद लोगों को अपनी बचत का महत्व समझ में आ रहा है. पीएम के मुताबिक, उनकी अपील मानने से लोगों को आर्थिक फायदा हुआ और देश के हित में भी यह कदम रहा.

बिहार दौरे के बाद पहुंचे यूपी, नीतीश सेतु का किया उद्घाटन

उत्तर प्रदेश पहुंचने से पहले पीएम मोदी बिहार के दौरे पर थे. यहां उन्होंने पटना और वैशाली को जोड़ने वाले नीतीश सेतु का उद्घाटन किया. इस दौरान उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तारीफ की. पुल के उद्घाटन कार्यक्रम में पीएम मोदी का अलग अंदाज भी देखने को मिला. उन्होंने पुल से गमछा लहराकर लोगों का अभिवादन किया और विपक्ष पर निशाना साधा.

Leave a Reply