Air Show: नमो घाट पर सुरक्षा का अभेद्य किला! PM मोदी और CM योगी के दौरे से पहले कड़ी तैयारी

Air Show: काशी में विंग्स ऑफ गंगेज की थीम पर हो रहे एयर शो का समापन 25 अक्तूबर को होगा। इस खास अवसर के मुख्य अतिथि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी होंगे। इनके साथ रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा मंत्री धर्मवीर प्रजापति और अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान भी शामिल होंगे। इसके लिए शुक्रवार को ही तैयारियां पूरी कर ली गईं। शनिवार को जिले के 32 विद्यालयों के 3150 बच्चे नमो घाट से एयर शो देखेंगे।

एयर शो के लिए नमो घाट को मुख्य कार्यक्रम स्थल बनाया गया है। जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के अनुसार रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नमो घाट से एयर शो देखेंगे। प्रधानमंत्री रविवार को दोपहर 12:45 बजे पुलिस लाइन हेलिपैड पहुंचेंगे। यहां से सड़क मार्ग से नमो घाट पहुंचेंगे। इस दौरान सड़क पर ट्रैफिक पूरी तरह रोक दिया जाएगा। इनके स्वागत के लिए रक्षामंत्री और मुख्यमंत्री समेत कई बड़े नेता वहां मौजूद होंगे।

आगे आपको जानकारी के लिए बताते चले कि गंगा पार डोमरी से एयर शो का बेस्ट व्यू मिल रहा है। यदि नमो घाट पर वायुसेना के जारी पास आपके पास नहीं है तो यह विकल्प सबसे बेहतर है। ज्यादातर विमान अपने करतब और राउंड डोमरी से ले रहे हैं। इसे देखना काफी रोमांचकारी है। यहां सबसे नजदीक से फाइटर जेट देखने का अनुभव मिल रहा है। कई बार तो विमान जो रंग छोड़ रहे वो भी वहीं पर गिर रहे हैं। 

विहंगम व्यू राजघाट और भैंसासुर घाट से मिलेगा। यहां से भी सभी विमानों की कलाबाजी देखी जा सकती है और फोटो और वीडियो काफी आकर्षक बन रहे। इसके बाद गाय घाट, पंचगंगा, सिंधिया घाट, ललिता घाट से लेकर दशाश्वमेध घाट तक विमानों के हैरतअंगेज करतब का अद्भुत नजारा काफी अच्छा दिख रहा है। ललिता घाट पर हेलीकॉप्टर से कमांडो की ड्रिल देखने को मिलेगी, जिसमें वे रस्सी के सहारे हेलीकॉप्टर से क्रूज पर उतरेंगे।

एयर शो देखना हो तो छाता, टोपी ले जाएं साथ, नमो घाट सुबह जल्दी पहुंचने का करें प्रयास
अगर आप नमो घाट से एयर शो देखना चाहते हैं तो कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है। शो को अगर नमो घाट से देखना है तो अपने साथ छाता और टोपी जरूरी ले जाएं। धूप में जिन्हें देखने में समस्या होती है वे अपने साथ काला चश्मा भी ले जाएं। अगर ये तीन चीजें आपके पास नहीं होंगी तो शो में एयरक्राफ्ट के करतबों को आप नहीं देख पाएंगे।

शो देखने के लिए सभी पास धारकों को सुबह 9:30 बजे नमो घाट पहुंचने का निर्देश दिए गए हैं। ऐसे में अगर कोई लेट होता है तो वो या तो जाम में फंस कर पीछे रह जाएगा, या फिर हो सकता है कि लेट होने के कारण उसे प्रवेश न मिले। वायु सेना की ओर से जारी निमंत्रण में इसलिए भी जल्दी आने को कहा गया है ताकि वाहनों को उचित स्थान पर पार्क किया जा सके। यातायात पुलिस की ओर से नमो घाट समेत आसपास कुल 10 पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। इन्हीं में वाहनों को पार्क किया जा सकता है।

सिटी कमांड सेंटर से लेकर घाट तक मेडिकल टीम अलर्ट
एयर शो के दौरान रेलवे स्टेशन से लेकर घाटों तक भीड़ होने की संभावना को देख स्वास्थ्य विभाग की टीम अलर्ट पर है। जिस तरह से पहले दिन के शो के दौरान कुछ लोगों की तबीयत बिगड़ गई थी, उसे देख विभाग की ओर से लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। घाटों पर तेज धूप, बढ़ती भीड़, विमानों के तेज आवाज को देख स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों से सतर्कता बरतने को कहा गया है। 

सीएमओ डॉ. एनपी सिंह का कहना है कि लोगों को सड़क से घाट तक पैदल चलना पड़ेगा। ऐसे में अपने साथ पानी का बॉटल, छाता और कुछ खाने की सामग्री जरूर रखें। धूप से बचने के लिए सनक्रीम भी रखना चाहिए। सीएमओ ने बताया कि घाटों पर बने अस्थायी अस्पताल के साथ ही मंडलीय, जिला अस्पताल सहित अन्य अस्पतालों की टीम भी अलर्ट पर रहेगी।

नोटम नहीं होने से सामान्य रहा विमानों का संचालन, 25 अक्तूबर को फिर रहेगा असर
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर शुक्रवार को नोटिस टू एयरमिशन (नोटम) जारी नहीं हुआ। इस कारण विमानों का संचालन सामान्य रहा। हालांकि, स्पाइसजेट की वाराणसी से पुणे जाने वाली एक उड़ान परिचालन संबंधी कारणों से विलंबित रही। 25 अक्तूबर को फिर से नोटम होने के कारण सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक नियमित विमान नहीं उड़ेंगे। इस दौरान निर्धारित उड़ानों को रीशेड्यूल किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *