हवाई चप्पल, हाथ में झाड़ू और सफाई में जुटे CM सम्राट! वायरल वीडियो में दिखा ‘सादगी’ वाला अंदाज, दिया खास संदेश

samrat-choudhary

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी गुरुवार की सुबह आम दिनों की तरह ही सोकर उठे। सुबह-सुबह उन्होंने फ्रेश होने के बाद टीशर्ट, ट्रैक पैंट और हवाई चप्पल पहनी और एक झाड़ू ढूंढा। वो झाड़ू जिसे सफाई कर्मी भी इस्तेमाल करते हैं, जिसमें लंबा सा डंडा लगा होता है। इस झाड़ू को लेकर सीएम सम्राट चौधरी अपने आवास (लोक सेवक आवास या सीएम आवास भी कह सकते हैं) के कैम्पस में निकले और खुद ही सफाई में लग गए। मुख्यमंत्री आवास के स्टाफ के लिए ये बेहद ही नई और अनोखी बात थी।

जब सीएम सम्राट ने हवाई चप्पल पहनी और झाड़ू उठाकर चल दिए

सीएम सम्राट चौधरी ने इस दौरान लोक सेवक आवास के अंदर कचरे को झाड़ू से बेहद करीने से बहारकर (झाड़ू लगाना) साफ करना शुरू किया। जहां झाड़ू नाकाम हुआ, वहां मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने हाथों से कचरे को एक जगह कर दिया और फिर से झाड़ू से काम शुरू कर दिया। वहीं खड़े सीएम हाउस के कैमरामैन ने इसका वीडियो कैद करना शुरू कर दिया। उसके लिए भी ये नई बात ही थी। ऐसे माहौल का वीडियो न बनाया तो फिर क्या बनाया।

सीएम सम्राट ने क्यों लगाया झाड़ू, समझिए वजह

थोड़ी देर बाद सीएम सम्राट ने ये पूरा माजरा लोगों को समझा दिया। उन्होंने 2 मिनट के अपने झाड़ू लगाओ कार्यक्रम से लोगों को बड़ा संदेश दिया। सीएम सम्राट चौधरी ने खुद इसका वीडियो अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से पोस्ट किया और लिखा ‘सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत सेवा मेरा योगदान के तहत स्वच्छता अभियान में भाग लिया और स्वच्छता के लिए जन-जागरूकता का आग्रह किया।’ झाड़ू लगाने के बाद सीएम सम्राट ने वहीं बगल में पड़ा झावां (लोहे की टोकरी) में कचरा इकट्ठा किया और उसे डिस्पोज भी कर दिया। नीचे आप वो वीडियो देख सकते हैं।

लोक सेवक आवास में अनोखा दिन

इस तरह से ये तस्वीरें बिहार के लोक सेवक आवास यानी मुख्यमंत्री आवास की यादों का एक अहम हिस्सा बन गईं। सीएम सम्राट ने इस वीडियो के जरिए लोगों को संदेश दिया कि साफ-सफाई के लिए किसी सफाईकर्मी की जरूरत नहीं है। अपना घर खुद साफ करने में कोई बुराई नहीं है। हाथ थोड़े गंदे होते हैं जो धुल जाते हैं, लेकिन यहीं से अपनी जिम्मेदारी खुद उठाने की शुरुआत भी हो जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *