जुबिन नौटियाल के पिता ने क्यों चुनी कांग्रेस? कुमारी शैलजा के बयान से बढ़ी हलचल

देहरादून जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष और गायक जुबिन नौटियाल के पिता राम शरण नौटियाल आज सोमवार (19 अक्टूबर) कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए. कुछ दिनों पहले ही उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद से ही उनकी आगे की सियासी पारी को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं और आज उन्होंने कांग्रेस पार्टी का दामन थाम कर अपनी आगे राह साफ कर दी है. 

रामशरण नौटियाल ने सोमवार को 12 बजे AICC की नेशनल सेक्रेटरी कुमारी शैलजा, उत्तराखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य की मौजूदगी में कांग्रेस पार्टी ज्वाइन की. रामशरण नौटियाल ने कांग्रेस पार्टी से ही अपनी सियासी पारी की शुरुआत की थी, जिसके बाद वो उत्तराखंड कांग्रेस के उपाध्यक्ष भी रहे.

साल 2014 में रामशरण नौटियाल, भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए थे. जिसके बाद 2022 के चुनाव में बीजेपी ने चकराता सीट से टिकट दिया लेकिन, वो दूसरे स्थान पर रहे. इस सीट पर उनका अच्छा प्रभाव माना जाता है. 

कांग्रेस में शामिल होने के बाद बोले रामशरण नौटियाल

कांग्रेस में शामिल होने के बाद रामशरण नौटियाल कहा कि “पार्टी मेरे बारे में क्या सोचती है मैं इसके बारे में कुछ नहीं कह सकता. मैंने पार्टी के लिए ये सोचा कि मैं पार्टी ज्वाइन करूं और कांग्रेस के लिए काम करूं. ना मैंने कोई कमिटमेंट लिया है. मैंने कमिटमेंट दिया है कि मैं पूरी तरह से पार्टी के लिए काम करूंगा. “

बीजेपी में हो रही थी घुटन- कुमारी शैलजा

रामशरण नौटियाल के कांग्रेस ज्वाइन करने पर कुमारी शैलजा ने उनका स्वागत किया. उन्होंने कहा कि आज का दिन जिनका दिल साफ है, उनके मन में पीड़ा होती है. नौटियाल जी कांग्रेस में उपाध्यक्ष और महासचिव रह चुके हैं. पीछे उन्होंने किन्ही भी वजहों से कांग्रस छोड़ी लेकिन, जब वहां की कार्यशैली देखी तो इनका वापस कांग्रेस में आने का मन हुआ. 

कुमारी शैलजा ने कहा कि ये मन मार कर बीजेपी गए थे. अब ये राहुल गांधी जी को देखकर कांग्रेस ज्वाइन कर रहे हैं. इन्हें BJP में घुटन महसूस हुई, वहां का माहौल और काम से इनका मन खिन्न हो गया था. 

उत्तराखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाँ ने कहा कि आज एक महत्वपूर्ण साथी कांग्रेस पार्टी के साथ आए हैं. हम उनका स्वागत करते हैं. इनका प्रभाव केवल देहरादून में ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश में काफी है. उनके आने से कांग्रेस पार्टी और मज़बूत होगी. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *