सस्ता टिकट पड़ा महंगा ! बाबतपुर एयरपोर्ट पर SpiceJet की उड़ानें रद्द होने से भड़के यात्री, टर्मिनल पर जमकर हुआ हंगामा

वाराणसी: हाथ में कन्फर्म टिकट, आंखों में मंजिल पर समय से पहुंचने की उम्मीद और बैग में जरूरी सामान लेकिन वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय (बाबतपुर) एयरपोर्ट पहुंचते ही यात्रियों के पैरों तले जमीन खिसक गई। निजी विमानन कंपनी स्पाइसजेट (SpiceJet) की उड़ानें अचानक रद्द होने के कारण बाबतपुर एयरपोर्ट पर एक बार फिर यात्रियों को भारी फजीहत और मानसिक तनाव का सामना करना पड़ा। मुंबई और पुणे समेत कई प्रमुख शहरों के लिए जाने आए यात्रियों को ऐन वक्त पर विमान निरस्त होने की सूचना दी गई, जिसके बाद एयरपोर्ट टर्मिनल पर जमकर हंगामा हुआ।

एयरपोर्ट पर फंसे यात्री और परिजन, मची अफरा-तफरी

शुक्रवार और शनिवार को वाराणसी एयरपोर्ट पर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब स्पाइसजेट की निर्धारित उड़ानों को बिना किसी ठोस पूर्व सूचना के रद्द कर दिया गया। कई यात्री अपने परिवार के साथ छुट्टियां मनाने जा रहे थे, तो कई लोगों को व्यापारिक बैठकों और जरूरी कामों से मुंबई व पुणे पहुंचना था। अचानक फ्लाइट कैंसिल होने से यात्रियों की पूरी योजना चौपट हो गई।

यात्रियों का आरोप है कि एयरलाइन प्रशासन की ओर से न तो समय रहते मैसेज या कॉल के जरिए जानकारी दी गई और न ही एयरपोर्ट पहुंचने पर कोई संतोषजनक जवाब मिला। यात्रियों को छोड़ने आए परिजन भी घंटों तक टर्मिनल के बाहर असमंजस की स्थिति में खड़े रहे। मजबूरी में कई यात्रियों को महंगे दामों पर दूसरी विमानन कंपनियों की टिकट खरीदनी पड़ी, जबकि बड़ी संख्या में ऐसे यात्री भी रहे जिन्हें कोई विकल्प नहीं मिला और वे निराश होकर अपने घर लौट गए।

रिफंड को लेकर गहराया संकट, कर्मचारियों का भी छलका दर्द

उड़ानें रद्द होने के बाद सबसे बड़ी चिंता टिकट के पैसे (रिफंड) वापस मिलने को लेकर है। यात्रियों का कहना है कि वाराणसी-मुंबई रूट पर विमानों का संचालन नियमित न होने के बावजूद कंपनी लगातार ऑनलाइन बुकिंग ले रही है, जिससे आए दिन लोग ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।

दूसरी ओर, रोज-रोज के इस बवाल से एयरपोर्ट पर तैनात स्पाइसजेट के स्थानीय कर्मचारियों का भी सब्र जवाब देने लगा है। नाम न छापने की शर्त पर कुछ ग्राउंड स्टाफ ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि विमानों के संचालन का फैसला मुख्यालय से होता है, लेकिन एयरपोर्ट पर यात्रियों का गुस्सा और खरी-खोटी उन्हें झेलनी पड़ती है। कर्मचारियों ने यह भी माना कि लोग कम किराए (सस्ते फेयर) के लालच में टिकट बुक कर लेते हैं, लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए फिलहाल इस एयरलाइन में बुकिंग से बचना ही बेहतर है। वहीं, स्थानीय प्रबंधक राजेश सिंह ने स्पष्ट किया कि संचालन से जुड़े सभी आदेश मुख्यालय स्तर से जारी होते हैं और स्थानीय स्तर पर इसमें कोई हस्तक्षेप संभव नहीं है।

छह महीने बाद शुरू हुई थीं सेवाएं, फिर पैदा हुआ संकट

जानकारी के मुताबिक, स्पाइसजेट ने वाराणसी एयरपोर्ट से लगभग छह महीने तक अपनी विमान सेवाएं बंद रखी थीं। इसके बाद करीब एक महीने पहले कंपनी ने वाराणसी से दिल्ली और पुणे के लिए दोबारा उड़ानों का संचालन शुरू किया था। विमान सेवाएं फिर से शुरू होने पर यात्रियों को उम्मीद थी कि उन्हें हवाई सफर के बेहतर विकल्प मिलेंगे, लेकिन कुछ ही समय बाद उड़ानों के लगातार निरस्त होने की शिकायतें सामने आने लगीं।
यात्रियों का कहना है कि वे पहले से टिकट बुक कराते हैं और यात्रा के लिए जरूरी तैयारियां भी पूरी कर लेते हैं, लेकिन अंतिम समय में फ्लाइट कैंसिल होने की सूचना मिलने से उनकी पूरी योजना प्रभावित हो जाती है। जिन लोगों को नौकरी, कारोबार, पारिवारिक कार्यक्रम या अन्य जरूरी कामों के लिए दूसरे शहर जाना होता है, उनके सामने अचानक मुश्किल खड़ी हो जाती है।

आर्थिक तंगी और डीजीसीए (DGCA) की सख्ती

यह संकट केवल वाराणसी एयरपोर्ट तक सीमित नहीं है, बल्कि स्पाइसजेट देशभर में गंभीर परिचालन और आर्थिक संकट से जूझ रही है। सूत्रों के अनुसार, एयरलाइन पर भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) का भी भारी बकाया है, जिसमें ऑफिस के किराए से लेकर विमानों की लैंडिंग, टेक-ऑफ और पार्किंग शुल्क शामिल हैं।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने भी कड़ा रुख अपनाया है। लगातार उड़ानें रद्द करने और नियमों के उल्लंघन को लेकर डीजीसीए ने स्पाइसजेट को ‘कारण बताओ नोटिस’ (Show Cause Notice) थमाते हुए 7 दिनों के भीतर जवाब मांगा है। आंकड़ों के मुताबिक, हाल के हफ्तों में एयरलाइन की 50 प्रतिशत से अधिक उड़ानें रद्द हुई हैं और इसके कई विमान ग्राउंडेड हैं। वाराणसी के परेशान यात्रियों ने अब डीजीसीए और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय से सीधा हस्तक्षेप करने और उनके फंसे हुए पैसे जल्द से जल्द वापस दिलाने की गुहार लगाई है।

Leave a Reply