उत्तर प्रदेश में नकली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) और स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने बड़ी कार्रवाई की है। वाराणसी से शुरू हुई जांच अब हिमाचल प्रदेश तक पहुंच गई है। संयुक्त टीम ने हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के नालागढ़ क्षेत्र में छापेमारी कर एक संदिग्ध अवैध दवा निर्माण फैक्ट्री का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री में दवाओं के निर्माण, कैप्सूल भरने और पैकेजिंग से संबंधित मशीनें बरामद हुई हैं। इसके बाद पूरी यूनिट को सील कर दिया गया।
इस कार्रवाई से नकली दवाओं के एक बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क की आशंका सामने आई है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि फैक्ट्री में तैयार की जा रही दवाओं की सप्लाई किन राज्यों और शहरों में की जा रही थी और इस अवैध कारोबार में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
वाराणसी में 17 प्रकार की नकली दवाएं मिलने से शुरू हुई जांच
इस पूरे मामले की शुरुआत वाराणसी के रोहनियां थाना क्षेत्र में हुई कार्रवाई से हुई थी। यहां जांच के दौरान नकली और काउंटरफिट दवाओं का स्टॉक बरामद किया गया था। जांच में कुल 17 प्रकार की दवाओं की पहचान हुई थी। इसके बाद अधिकारियों ने इन दवाओं के निर्माण स्रोत और सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच का दायरा बढ़ाया।
जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले की नालागढ़ तहसील के राजपुरा, खेड़ा बाईपास स्थित एक संदिग्ध फैक्ट्री को चिह्नित किया गया।
सोलन में चलती मिली अवैध फैक्ट्री, कई दवाओं के निर्माण का खुलासा
सूचना मिलने के बाद उत्तर प्रदेश FSDA की विशेष टीम और STF ने संयुक्त रूप से फैक्ट्री पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान यूनिट संचालित अवस्था में मिली। यहां बाजार में मांग वाली कई ब्रांडेड दवाओं के निर्माण से जुड़ी गतिविधियां सामने आईं।
फैक्ट्री से Pan-D Capsules, Pressiz-300 Capsules (Pregabalin), C-AZ-Cefixime, Azithromycin और A-Cipex-625 सहित कई दवाओं के निर्माण से संबंधित सामग्री मिली। इसके अलावा Neuro-300, जीरोडोल एसपी, मॉन्टिना एल, रेबिसेक एलएस, क्लैवेम 625, शेलकॉल 500 और टैक्सिम ओ 200 जैसी दवाओं से जुड़ी सामग्री भी बरामद की गई।

दवा बनाने से लेकर पैकिंग तक की पूरी व्यवस्था मिली
छापेमारी के दौरान अधिकारियों को फैक्ट्री में दवा निर्माण और पैकेजिंग के लिए इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण मिले। इनमें ब्लिस्टर पैकिंग मशीन, एल्यूमिनियम-एल्यूमिनियम पैकिंग मशीन, कैप्सूल फिलिंग मशीन और वजन मापने वाली मशीन शामिल हैं।
इसके अलावा प्रिंटेड फॉइल और स्टीरियो प्रिंटिंग उपकरण भी बरामद किए गए। इन उपकरणों से संकेत मिला कि फैक्ट्री में दवाओं के निर्माण के साथ उनकी पैकेजिंग और ब्रांडेड रैपर तैयार करने की व्यवस्था भी मौजूद थी। कार्रवाई के बाद संबंधित यूनिट को सील कर दिया गया।
मरीजों की सेहत से जुड़ा गंभीर मामला: आयुक्त
उत्तर प्रदेश FSDA की आयुक्त डॉ. रोशन जैकब ने कहा कि नकली दवाओं का कारोबार केवल आर्थिक अपराध नहीं है, बल्कि यह सीधे आम नागरिकों और मरीजों की जिंदगी से जुड़ा गंभीर मामला है। उन्होंने विशेष रूप से एंटीबायोटिक और न्यूरो मेडिसिन जैसी दवाओं की गुणवत्ता, वास्तविकता और प्रभावशीलता से समझौता किए जाने को स्वास्थ्य के लिए बड़ा खतरा बताया।
अब दूसरे राज्यों में सप्लाई नेटवर्क की तलाश
वाराणसी से शुरू हुई जांच के हिमाचल प्रदेश तक पहुंचने के बाद एजेंसियां अब इस अवैध कारोबार की पूरी सप्लाई चेन खंगाल रही हैं। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि फैक्ट्री में तैयार दवाएं किन शहरों, राज्यों और दवा कारोबारियों तक पहुंचाई जा रही थीं।
इसके साथ ही नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, वितरकों और संभावित ठिकानों की भी पहचान की जा रही है। आने वाले दिनों में इस मामले में और खुलासे होने की संभावना है।
