Sonia Gandhi Biography: विश्वनाथ कॉरिडोर की कहानी इमरजेंसी से जुड़ी? किताब में हुआ चौंकाने वाला जिक्र!

Sonia Gandhi Biography: कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बिलॉगिंग्स: अ जर्नी ऑफ लव’ की चर्चा पूरे देश में होने के साथ ही काशी में भी तेजी से हो रही है। इस किताब में सोनिया गांधी ने काशी विश्वनाथ कॉरिडोर से जुड़े एक पुराने प्रस्ताव का जिक्र किया है और यह दावा किया है कि आपातकाल के दौरान संजय गांधी ने काशी विश्वनाथ क्षेत्र के चौड़ीकरण और वहां सुधार कार्य को लेकर प्रस्ताव रखा था, लेकिन उसे रोक दिया गया था। वहीं, उनकी इस किताब पर पूर्व सांसद और भाजपा नेता राजेश मिश्रा ने भी प्रतिक्रिया देते हुए सोनिया गांधी को एक मिसाल वाली महिला के रूप में बताया है।

काशी में क्यों हो रही चर्चा ?

दरअसल, सोनिया गांधी ने इस किताब में लिखा है कि संजय गांधी ने काशी विश्वनाथ मंदिर के विस्तारीकरण की योजना का प्रस्ताव रखा था, लेकिन विश्व के सबसे पुराने शहरों में शामिल काशी में तोड़फोड़ और कई मकान इसकी जद में आने की आशंका को देखते हुए पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने उनके इस प्रस्ताव को मंजूर नहीं किया और हस्तक्षेप कर उस काम को रुकवा दिया था। इंदिरा गांधी का मानना था कि मकान में तोड़फोड़ किए जाने के बाद कई लोग बेघर हो जाएंगे और जनता में विरोध के स्वर भी उठने लगेंगे।

सोनिया की दिलेरी तारीफ के काबिल: मिश्रा

वहीं, पूर्व सांसद राजेश मिश्रा ने सोनिया गांधी की आलोचना करने वालों पर सवालिया निशान खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने एक किताब लिखी और लोग उसकी आलोचना कर रहे हैं, ऐसा नहीं करना चाहिए। राजेश मिश्रा के मुताबिक, जहां तक वह इस किताब को समझ पाए हैं, उसमें कोई भी बात गलत नहीं लिखी है। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि वह भाजपा नेता होते हुए भी इस तरह के बयान दे रहे हैं और इसमें कोई गलत नहीं है। सोनिया गांधी ने जिस तरह से दिलेरी दिखाई वह काबिले तारीफ है।

सोनिया जैसी महिला कोई नहीं: मिश्रा

राजेश मिश्रा ने बताया कि इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की हत्या के बाद उन्होंने अपने परिवार को कैसे संभाला था यह तो वही जानती हैं। यह बात भी सच है कि वह एक विदेशी महिला थीं और अपना देश छोड़कर भारत आई थीं, ऐसे संकट में, जिसकी सास की हत्या कर दी गई हो, पति की हत्या कर दी गई हो और छोटे-छोटे बेटे और बेटी जिसके पास हो, उसके पास कोई दूसरा रास्ता नहीं बचता। लेकिन सोनिया गांधी ने हिंदुस्तान को नहीं छोड़ा और यहीं रहकर अपने बच्चों को पाल-पोसकर बड़ा किया। सबसे बड़ी बात यह है कि उन्हें प्रधानमंत्री पद भी ऑफर किया गया, लेकिन उन्होंने उसे पद को ठुकरा दिया। राजेश मिश्रा ने कहा है कि इतने बड़े पद को ठुकराने का साहस किसी में नहीं है। यदि इस देश में कोई दूसरी सोनिया गांधी है तो उसे सामने लाया जाए, लेकिन सच्चाई तो यह है कि सोनिया गांधी जैसी महिला एक ही है और एक ही रहेगी।

काशी की विरासत पर बोले राघवेंद्र चौबे, आस्था से समझौता नहीं विकास की बात कही

महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा क‍ि सोनिया गांधी के पुस्तक में उल्लेखित संजय गांधी की काशी विश्वनाथ मंदिर के विस्तार की सोच और तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का काशी की धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत एवं मूल स्वरूप को सुरक्षित रखने का दृष्टिकोण इस बात को दर्शाता है कि कांग्रेस के लिए विकास का अर्थ कभी भी किसी की आस्था, आजीविका और ऐतिहासिक विरासत को नुकसान पहुंचाना नहीं रहा।

Leave a Reply