दिवाली खुशियों की एक ईद है’, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर विवाद, भाजपा बोली- इनकी नीति सनातन विरोधी

रविवार को पूरे देश में दीपावली का त्योहार धूमधाम से मनाया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत तमाम हस्तियों ने देश के लोगों को दीपावली की बधाई भी दी। हालांकि, इस दीपावली के इस अवसर पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की बधाई को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मल्लिकार्जुन खरगे दीपावली की बधाई देते हुए कह दिया कि ये खुशियों की एक ईद है। अब भाजपा ने इस मुद्दे को लेकर खरगे और कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधा है और उनके बयान को सनतान विरोधी बताया है।

क्या बोले थे मल्लिकार्जुन खरगे?

दीपावली के अवसर पर लोगों को बधाई देते हुए मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा- “दीपावली की शुभकामनाएं सभी को मैं देता हूं। ये एक बहुत बड़ा त्योहार हमारे हिंदुस्तान में सभी लोग मनाते हैं और इसका एक ही कारण है कि ये खुशियों की एक ईद है। बहुत दिनों तक चलने वाला ईद यही है। लोगों को सुख-शांति से रहने के लिए और अपने लोगों से मिलने के लिए ये एक अच्छा त्योहार है। मैं अपने देश के सभी लोगों को शुभकामनाएं देता हूं।” 

कांग्रेस की नीति सनातन-विरोधी

अब बीजेपी ने खरगे के इस बयान पर पलटवार किया है। बीजेपी कह रही है कि खरगे का ये बयान सनतान विरोधी है। दिवाली जैसे मौके पर भी खरगे तुष्टिकरण की सियासत कर रहे हैं। भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने खरगे और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा- “दीवाली के मौके पर भी कांग्रेस ने वोट बैंक की राजनीति चुनी। कांग्रेस अध्यक्ष ने दीपावली को “खुशियों की ईद” कहा। याद कीजिए, सोनिया गांधी “बाबरी” के लिए रोई थीं। पहले जब सनातन को “डेंगू-मलेरिया और एड्स” कहा गया, तब कांग्रेस चुप रही। गांधी-वाड्रा परिवार के नेतृत्व में कांग्रेस की नीति सनातन-विरोधी और हिंदू-विरोधी है।”

राशिद अल्वी ने भी विवादित बयान दिया

दूसरी ओर मल्लिकार्जुन खरगे की दिवाली-ईद वाली टिप्पणी पर विवाद के बारे में बोलते हुए कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने भी विवादित बयान दे दिया है। राशिद अल्वी ने कहा- ” जाहिर है खुशी की बात जब आती है तो ‘ईद’ से मिसाल दी जाती है। जैसे, जब कोई बहुत दिन के बाद मिलता है, तो लोग पूछते हैं- ‘क्या तुम ईद का चांद हो गए हो?’ खुशी के दूसरे मायने ईद से लिए जाते हैं। अगर मल्लिकार्जुन खरगे ने ऐसी बात कही है, तो यह एक सेक्युलर आदमी ही बोल सकता है। बीजेपी या सांप्रदायिक लोगों से हम उम्मीद नहीं करते कि वे ऐसी बात करेंगे। और ईद और दिवाली में एक फर्क है, दोनों खुशियों के त्योहार हैं, लेकिन ईद के अंदर AQI (एयर क्वालिटी इंडेक्स) बढ़ाया नहीं जाता।”

Leave a Reply