नुसरत भरूचा की रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर, बाली ट्रिप के दौरान हुआ था हादसा, एयर एंबुलेंस से लाई गईं मुंबई

nushrratt

बॉलीवुड एक्ट्रेस नुसरत भरूचा बाली में एक हादसे का शिकार हो गईं। इस हादसे में उनकी रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया है। एक्ट्रेस को पहले बाली के एक अस्पताल में भर्ती किया गया था और कल, शुक्रवार की रात उन्हें एयर एम्बुलेंस से मुंबई लाया गया है। सोशल मीडिया पर एक्ट्रेस के कई वीडियो और तस्वीरें सामने आए हैं, जिन्हें देखने के बाद एक्ट्रेस के फैंस चिंता में हैं। इन तस्वीरों और वीडियो में नुसरत भरूचा स्ट्रेचर पर नजर आ रही हैं और उनकी हालत ठीक नहीं लग रही है। जानकारी के लिए बता दें कि नुसरत भरूचा अपनी अपनी एक फिल्म के काम और छुट्टी के सिलसिले में बाली गई थीं, तभी यह हादसा हुआ। एक्सीडेंट के बाद उन्हें एक लोकल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था और वह मेडिकल निगरानी में थीं।

नुसरत भरूचा एयर एम्बुलेंस से मुंबई लौटीं

अब एक्ट्रेस को एयर एंबुलेंस के जरिए बाली से मुंबई लाया गया है, जहां उनका आगे का इलाज और सर्जरी होगी। नुसरत की टीम ने एक बयान जारी करते हुए बताया कि, बाली में डॉक्टरों ने उनकी हालत की जांच की और उन्हें स्पाइन सर्जरी की सलाह दी है। बाली में शुरुआती इलाज के बाद अब नुसरत को मुंबई लाया गया है। शुक्रवार, 2 अक्टूबर को एयर एम्बुलेंस से शहर लाया गया। मुंबई पहुंचने के उनके वीडियो ऑनलाइन सामने आए हैं, जिनमें नुसरत को स्ट्रेचर पर एम्बुलेंस से बाहर निकालते हुए देखा जा सकता है। आगे के इलाज के लिए ले जाते समय उनके परिवार वाले और दोस्त भी उनके साथ दिखे।

टीम ने जारी किया था आधिकारिक बयान

उनकी टीम ने पहले सेहत से जुड़ी एक आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया था कि डॉक्टरों द्वारा और जांच के बाद नुसरत की रीढ़ की हड्डी की सर्जरी होगी। बयान में यह भी कहा गया कि उनकी सेहत अभी सबसे जरूरी है और लोगों से उनकी प्राइवेसी का सम्मान करने की अपील की गई, ताकि वह इलाज और ठीक होने पर ध्यान दे सकें। उनकी हालत के बारे में और जानकारी का इंतजार है।

बयान में क्या कहा गया ?

नुसरत की टीम के द्वारा जारी आधिकारिक बयान में कहा गया, ‘नुसरत भरूचा, जो काम और छुट्टी के सिलसिले में बाली गई थीं, जहां वह एक दुर्भाग्यपूर्ण हादसे का शिकार हो गईं और उनकी रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया। नुसरत अभी बाली के अस्पताल में भर्ती हैं और डॉक्टरों की देखरेख में हैं। डॉक्टरों द्वारा और जांच के बाद, नुसरत की रीढ़ की हड्डी की सर्जरी होगी। अभी हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता उनकी सेहत है और यह पक्का करना है कि उन्हें जरूरी मेडिकल देखभाल मिले। हम अभी नुसरत को एयर एम्बुलेंस से बाली से मुंबई वापस लाने का इंतजाम कर रहे हैं, जहां उनकी सर्जरी होगी।’

नुसरत भरूचा का वर्क फ्रंट

काम की बात करें तो, नुसरत आखिरी बार हॉरर फिल्म ‘छोरी 2’ में सौरभ गोयल और सोहा अली खान के साथ अहम भूमिकाओं में नजर आई थीं। अब वह नीरज पांडे और मनोज बाजपेयी की फिल्म में दिखेंगी, जिसका नाम पहले ‘घूसखोर पंडित’ रखा गया था। नेटफ्लिक्स की यह फिल्म अपने टाइटल को लेकर विवादों में घिर गई थी, क्योंकि कुछ दर्शकों को यह अपमानजनक लगा था। बाद में, लोगों के विरोध और भारत के सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद फिल्ममेकर्स ने आधिकारिक तौर पर इस टाइटल को हटा दिया। दूसरी तरफ एक्ट्रेस पिछले साल महाकाल के दर्शन के लिए गई थीं, जिस पर काफी बवाल हुआ था। महाकाल के दर्शन के लिए जाने पर मौलाना ने उनके खिलाफ फतवा जारी किया था और कहा कि ‘ये शरीयत की नजर में गुनाह है’।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *