वाराणसी: 27 नवंबर 2026। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (BHU) के चिकित्सा विज्ञान संस्थान (IMS) के सामुदायिक चिकित्सा विभाग की ओर से फैमिली एडॉप्शन प्रोग्राम (FAP) के अंतर्गत ग्राम नरोत्तमपुर की ठाकुर बस्ती में निःशुल्क बहु-विशेषज्ञता स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। हनुमान मंदिर के निकट आयोजित इस शिविर में 300 से अधिक मरीजों की जांच कर उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क परामर्श एवं स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं।

शिविर का उद्घाटन काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने किया। इस अवसर पर उन्होंने सामुदायिक चिकित्सा विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए सामुदायिक शिविर महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य गांव के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और जनसहभागिता को बढ़ावा देना होना चाहिए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता IMS के निदेशक प्रो. एस. एन. शंखवार ने की। उन्होंने उपस्थित अतिथियों एवं ग्रामीणों का स्वागत करते हुए स्वास्थ्य सेवा के माध्यम से राष्ट्र सेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। वहीं, विशिष्ट अतिथि चिकित्सा संकाय के डीन प्रो. संजय गुप्ता ने कहा कि फैमिली एडॉप्शन प्रोग्राम ने अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों के घर और गांव तक पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि गांव का स्वस्थ होना ही सामुदायिक चिकित्सा का मूल उद्देश्य है।

इस अवसर पर सामुदायिक चिकित्सा विभाग के अध्यक्ष डॉ. हरि शंकर भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन FAP के सह-प्रभारी डॉ. अरुण कुमार दुबे ने किया, जबकि कार्यक्रम के अंत में FAP की प्रभारी प्रो. मानुषी श्रीवास्तव ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
10 विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी सेवाएं
शिविर में सामान्य चिकित्सा, सामान्य शल्य चिकित्सा, नाक-कान-गला (ENT), नेत्र रोग, बाल रोग, दंत चिकित्सा, हड्डी रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग, त्वचा रोग तथा मनोचिकित्सा विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच और परामर्श किया।

इस दौरान ENT विभागाध्यक्ष प्रो. विश्वम्भर सिंह, डॉ. ज़ारी, डॉ. अभिषेक, डॉ. विनीत, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. दीप्ति और नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. संजय सहित विभिन्न विभागों के चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं। मरीजों की सुविधा के लिए पंजीकरण के बाद अलग-अलग विभागों के काउंटर बनाए गए थे, जहां व्यवस्थित तरीके से जांच और परामर्श की व्यवस्था की गई।

115 मेडिकल विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
स्वास्थ्य शिविर में BHU के MBBS 2025 बैच के 100 और 2024 बैच के 15 विद्यार्थियों सहित कुल 115 मेडिकल विद्यार्थियों ने सहभागिता की। उद्घाटन के बाद कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने शिविर के विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और चिकित्सकों, वरिष्ठ एवं कनिष्ठ रेजिडेंट डॉक्टरों तथा इंटर्न से बातचीत की। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भी उपस्थिति रही।

उल्लेखनीय है कि फैमिली एडॉप्शन प्रोग्राम के तहत चिकित्सा विद्यार्थी ग्रामीण परिवारों को गोद लेकर उनके स्वास्थ्य की नियमित निगरानी करते हैं। इसके माध्यम से परिवारों को बीमारियों की रोकथाम, स्वास्थ्य जागरूकता और समय पर उपचार के लिए मार्गदर्शन दिया जाता है। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना और स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देना है।
