BHU के कलाकार इटली में दिखाएंगे बनारस की कला का हुनर, रोम-फ्लोरेंस और वेनिस में होगा भारतीय संस्कृति का प्रदर्शन

BHU

वाराणसी, 13 नवंबर 2026। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के दृश्य कला संकाय के चार सदस्यीय शिक्षक एवं कलाकार प्रतिनिधिमंडल इन दिनों इटली की शैक्षणिक एवं कला अध्ययन यात्रा पर है। 11 से 19 नवंबर तक चलने वाली इस यात्रा के दौरान भारतीय कला, शिल्प, बनारसी संस्कृति और समकालीन डिजाइन को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल रोम, फ्लोरेंस और वेनिस में विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं कला संस्थानों में व्याख्यान, लाइव आर्ट डेमोंस्ट्रेशन और कला प्रदर्शनियों के माध्यम से भारतीय कला की विशिष्ट पहचान दुनिया के सामने रखेगा।

इस प्रतिनिधिमंडल में दृश्य कला संकाय की अधिष्ठाता प्रो. जसमिंदर कौर, व्यवहारिक कला विभाग के अध्यक्ष एवं प्रोफेसर प्रो. मनीष अरोड़ा, चित्रकला विभाग (प्रिंटमेकिंग) के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. महेश सिंह और व्यवहारिक कला विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर ज्ञानेंद्र कुमार कनौजिया शामिल हैं।

वेनिस विश्वविद्यालय में होगा ‘Banaras: A Living Visual Tradition’ व्याख्यान

यात्रा का प्रमुख आकर्षण 16 नवंबर को Ca’ Foscari University of Venice में आयोजित होने वाला विशेष अकादमिक व्याख्यान एवं संवाद सत्र है। ‘Banaras: A Living Visual Tradition’ शीर्षक से आयोजित इस कार्यक्रम में बनारस की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के कला एवं डिजाइन पर पड़ने वाले प्रभावों पर चर्चा होगी।

दोपहर 12:15 से 1:45 बजे तक Aula A, Ca’ Cappello में प्रस्तावित इस कार्यक्रम की मेजबानी प्रो. एंटोनियो रिगोपोलोस करेंगे। इसमें गंगा घाटों, मंदिरों, पारंपरिक चित्रकला, बनारसी वस्त्रों और हस्तशिल्प की कलात्मक विशेषताओं को समकालीन कला शिक्षा के संदर्भ में प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही शिक्षकों की मौलिक कलाकृतियों का प्रदर्शन और विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों के साथ संवाद भी होगा।

‘Hands from Banaras’ में दिखेगा भारतीय कलाकारों का हुनर

वेनिस की प्रतिष्ठित Accademia di Belle Arti di Venezia में 16 नवंबर को ‘Hands from Banaras’ शीर्षक से लाइव आर्ट डेमोंस्ट्रेशन और कला प्रदर्शनी आयोजित करने की योजना है। इसमें चारों कलाकार अपनी विशेषज्ञता के अनुसार भारतीय कला की विभिन्न विधाओं का प्रत्यक्ष प्रदर्शन करेंगे।

प्रो. जसमिंदर कौर भारतीय लघु चित्रकला की तकनीकों को प्रस्तुत करेंगी। प्रो. मनीष अरोड़ा ड्राइंग और मिनिमलिस्ट पेंटिंग के जरिए रेखा एवं संरचना की कलात्मक संभावनाएं दिखाएंगे। डॉ. महेश सिंह प्रिंटमेकिंग की विभिन्न तकनीकों का प्रदर्शन करेंगे, जबकि ज्ञानेंद्र कुमार कनौजिया ग्राफिक डिजाइन और समकालीन दृश्य भाषा के संबंधों को सामने रखेंगे।

इस दौरान चारों कलाकारों की लगभग 30 से 40 मौलिक कलाकृतियों की प्रदर्शनी भी प्रस्तावित है। इसके अतिरिक्त अकादमी की प्रो. डायना फेरारा और प्रो. मिरियम पेरतेगातो के साथ कला तकनीक, परंपरा और शिक्षा के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा होगी।

भारतीय और यूरोपीय कला परंपराओं के बीच बनेगा संवाद

रोम, फ्लोरेंस और वेनिस यूरोप की समृद्ध कला, स्थापत्य और पुनर्जागरण परंपरा के प्रमुख केंद्र हैं। इन शहरों के संग्रहालयों, ऐतिहासिक इमारतों और समकालीन कला गतिविधियों का अध्ययन प्रतिनिधिमंडल के लिए महत्वपूर्ण अनुभव होगा।

इस यात्रा का उद्देश्य केवल भारतीय कला का प्रदर्शन करना नहीं, बल्कि यूरोपीय कला शिक्षा की पद्धतियों और आधुनिक तकनीकों को समझना भी है। इससे भविष्य में अंतरराष्ट्रीय कार्यशालाओं, विद्यार्थी एवं शिक्षक विनिमय, संयुक्त प्रदर्शनियों और अनुसंधान सहयोग की संभावनाएं विकसित हो सकती हैं।

BHU के दृश्य कला संकाय की यह पहल बनारस की स्थानीय कला परंपराओं को वैश्विक पहचान दिलाने और भारतीय कला शिक्षा के अंतरराष्ट्रीयकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Leave a Reply