UPSSSC PET देने जा रहे हैं? लखनऊ में 5 स्पेशल ट्रेनें और 24 घंटे बसों की सुविधा!

UPSSSC PET 2026: उत्तर प्रदेश UPSSSC की परीक्षा PET को लेकर लखनऊ में खास इंतजाम किए गए हैं. परीक्षा में शामिल होने के लिए दूसरे जिलों और बिहार से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी राजधानी पहुंचेंगे. इसे देखते हुए उत्तर रेलवे पांच अनारक्षित विशेष ट्रेनें चलाएगा. वहीं, परिवहन निगम भी परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त बसों की व्यवस्था करेगा. आलमबाग, कैसरबाग और अवध बस स्टेशनों से 24 घंटे बसें उपलब्ध रहेंगी, ताकि अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने और वापस लौटने में परेशानी न हो.

PET परीक्षा 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी. लखनऊ में परीक्षा के लिए 30 केंद्र बनाए गए हैं, जहां दो पालियों में परीक्षा होगी. पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी. राजधानी में कुल 1,14,912 अभ्यर्थियों के परीक्षा में शामिल होने की जानकारी दी गई है. इतनी बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों के आने-जाने को देखते हुए रेलवे और परिवहन विभाग ने तैयारियां की हैं.

मुरादाबाद से लखनऊ के लिए चलेंगी दो विशेष ट्रेनें
परीक्षार्थियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे का लखनऊ मंडल पांच अनारक्षित विशेष ट्रेनें चलाएगा. इनमें दो ट्रेनें मुरादाबाद से लखनऊ के बीच संचालित होंगी. ये ट्रेनें 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को चलाई जाएंगी. इसके अलावा लखनऊ से आगरा फोर्ट, प्रयागराज रामबाग संगम और बलिया के लिए तीन विशेष ट्रेनें चलेंगी. आगरा फोर्ट जाने वाली विशेष ट्रेन 24 अक्टूबर की रात 11 बजे लखनऊ से रवाना होगी. वहीं, प्रयागराज रामबाग संगम और बलिया के लिए विशेष ट्रेनें 25 अक्टूबर को संचालित की जाएंगी.

आगरा फोर्ट, प्रयागराज रामबाग संगम और बलिया रूट की तीनों ट्रेनों में 10-10 कोच होंगे. इनमें आठ सामान्य श्रेणी के कोच और दो एसएलआर कोच शामिल रहेंगे. रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रेनों के समय और ठहराव की जानकारी जरूर प्राप्त कर लें. इसके लिए रेलवन ऐप या रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 की मदद ली जा सकती है.

आलमबाग, कैसरबाग और अवध बस स्टेशन से 24 घंटे बसें
रेलवे के साथ परिवहन निगम ने भी अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए तैयारी की है. परीक्षार्थियों की भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी. आलमबाग, कैसरबाग और अवध बस स्टेशनों से 24 घंटे बसों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की व्यवस्था की गई है. परिवहन सेवाओं के संचालन और व्यवस्था के लिए अवध बस डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) को नोडल अधिकारी बनाया गया है. इसका उद्देश्य अलग-अलग जिलों से लखनऊ पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को बसों की उपलब्धता और यात्रा से जुड़ी सुविधाएं देना है.

बाराबंकी से सबसे ज्यादा 23,915 अभ्यर्थी पहुंचेंगे
PET परीक्षा के लिए लखनऊ आने वाले अभ्यर्थियों में आसपास के जिलों के परीक्षार्थियों की संख्या काफी अधिक है. उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, बाराबंकी से 23,915 अभ्यर्थी लखनऊ पहुंचेंगे. इसके बाद हरदोई से 21,109 और रायबरेली से 18,540 अभ्यर्थियों के आने की जानकारी है.

train
train

इसके अलावा बलिया से 13,656, अंबेडकर नगर से 11,888 और बिहार से 10,122 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे. गोरखपुर से 5,573, बस्ती से 3,000 और लखीमपुर खीरी से 2,096 परीक्षार्थियों के पहुंचने की जानकारी दी गई है. वहीं, लखनऊ के 845 अभ्यर्थी भी परीक्षा में शामिल होंगे.

परीक्षा देने जाने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
परीक्षार्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपने परीक्षा केंद्र का पता और परीक्षा की पाली पहले ही देख लें. पहली पाली के अभ्यर्थी समय से पहले केंद्र के लिए निकलें, ताकि रास्ते में यातायात या परिवहन से जुड़ी किसी परेशानी के कारण देरी न हो. ट्रेन से यात्रा करने वाले अभ्यर्थी रेलवन ऐप या हेल्पलाइन नंबर 139 से जानकारी ले सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *