गंगा में प्रस्तावित एयर शो के चलते शहर में वाहनों का दबाव बढ़ने को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने बड़े वाहनों को तीन दिन तक शहरी सीमा से बाहर रोकने की तैयारी की है। 22, 23 और 25 अक्टूबर को होने वाले आयोजन के दौरान हाईवे और रिंग रोड को बड़े वाहनों के लिए अस्थायी पार्किंग बनाए जाएंगे।
एयर शो देखने के लिए बनारस से सटे प्रदेश और जिलों से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में ट्रक, ट्रेलर, मालवाहक और लंबी दूरी के वाहनों को शहर में प्रवेश देने के बजाय निर्धारित स्थानों पर रोकने की व्यवस्था की गई है। ट्रैफिक पुलिस ने प्रमुख और संपर्क मार्गों पर स्थान चिह्नित कर लिया है।
बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने का अनुमान
एयर शो के दौरान गंगा के दोनों किनारों पर बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने का अनुमान है। इसे देखते हुए पार्किंग और वाहनों के आवागमन की अलग-अलग व्यवस्था की जा रही है।

रिंग रोड और हाईवे पर बड़े वाहनों को रोकने के साथ छोटे वाहनों के लिए भी अलग पार्किंग स्थल बनाए जाएंगे। ट्रैफिक पुलिस का जोर इस बात पर है कि दर्शकों के वाहन आयोजन स्थल के आसपास मुख्य मार्गों पर न पहुंचें।
आवागमन को अलग-अलग रखने की तैयारी
यातायात पुलिस ने चंदौली की ओर पड़ाव चौराहा, रामनगर बाईपास, टेंगरा मोड़, डोमरी और कोदोपुर घाट समेत प्रमुख स्थानों का निरीक्षण किया है। इन क्षेत्रों में वीआइपी, पर्यटकों और आम दर्शकों के आवागमन को अलग-अलग रखने की तैयारी है।
एयर शो के तीनों दिन तक ट्रैफिक पुलिस के साथ स्थानीय पुलिस की अतिरिक्त तैनाती रहेगी जिससे आमजन का कोई परेशानी नहीं हो।
