Apple ने भारत में अपनी पेमेंट सर्विस Apple Pay लॉन्च कर दी है. अब iPhone, iPad और Apple Watch यूजर्स इन डिवाइस के जरिए कॉन्टैक्टलेस पेमेंट कर सकेंगे. कंपनी ने भारत में इस सर्विस की शुरुआत Axis Bank के साथ साझेदारी में की है. Apple Pay के आने से यूजर्स को पेमेंट करने के लिए कार्ड बार-बार निकालने की जरूरत कम हो सकती है. यह लॉन्च ऐसे समय हुआ है जब भारत में डिजिटल और कॉन्टैक्टलेस पेमेंट का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है.
भारत में Apple Pay की शुरुआत फिलहाल Axis Bank के Visa और Mastercard क्रेडिट कार्ड से हुई है. मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी आगे चलकर दूसरे बैंकों के कार्ड को भी इस सुविधा से जोड़ने की योजना बना रही है. Apple के मुताबिक, भारत में तेजी से बढ़ते डिजिटल और कैशलेस लेनदेन को देखते हुए यह सर्विस यूजर्स को आसान, सुरक्षित और प्राइवेसी-सेंट्रिक पेमेंट का ऑप्शन देगी. एप्पल पे से यूजर्स को 5 बड़े फायदे मिलने वाले हैं.
1. PIN और OTP की झंझट से छुटकारा
Apple Pay से दुकान पर पेमेंट करना काफी आसान हो सकता है. कार्ड निकालने, PIN डालने या OTP का इंतजार करने की जरूरत नहीं पड़ेगी. iPhone में साइड बटन को दो बार दबाकर Face ID, Touch ID या पासकोड से पेमेंट को मंजूरी दी जा सकती है. इसके बाद फोन को कॉन्टैक्टलेस मशीन के पास ले जाना होता है. इससे छोटी-बड़ी खरीदारी में समय बच सकता है. खासकर भीड़ वाली जगहों पर यह तरीका सुविधाजनक है, क्योंकि भुगतान के लिए बार-बार कार्ड या मोबाइल नंबर जैसी जानकारी देने की जरूरत नहीं होती.
2. कार्ड की जानकारी रहेगी सुरक्षित
Apple Pay में भुगतान करते समय आपका असली कार्ड नंबर दुकानदार के साथ शेयर नहीं होता. फोन में भी कार्ड की पूरी जानकारी सामान्य तरीके से सेव नहीं रहती. इसकी जगह एक अलग डिजिटल नंबर और सुरक्षा तकनीक का इस्तेमाल किया जाता है. पेमेंट को पूरा करने के लिए Face ID, Touch ID या पासकोड की जरूरत होती है. ऐसे में अगर किसी के हाथ आपका फोन लग भी जाए, तो बिना आपकी मंजूरी के भुगतान करना आसान नहीं होगा. इससे कार्ड की जानकारी लीक होने और गलत इस्तेमाल का रिस्क कम करने में मदद मिलती है.

3. कार्ड के रिवॉर्ड और ऑफर मिलते रहेंगे
Apple Pay इस्तेमाल करने का मतलब यह नहीं है कि आपके मौजूदा क्रेडिट कार्ड के फायदे खत्म हो जाएंगे. अगर आपके कार्ड पर रिवॉर्ड पॉइंट्स, कैशबैक या दूसरे बेनिफिट मिलते हैं, तो एलिजिबल कार्ड के साथ ये सुविधाएं जारी रह सकती हैं. यानी पेमेंट का तरीका बदलता है, लेकिन कार्ड से मिलने वाले फायदे बने रहते हैं. इसके अलावा Apple Pay इस्तेमाल करने के लिए Apple की तरफ से अलग से कोई फीस नहीं ली जाती. हालांकि, कार्ड से जुड़े सामान्य शुल्क या नियमों के लिए बैंक की शर्तें लागू रहेंगी.
4. ऑनलाइन शॉपिंग में भी काम आसान
Apple Pay का फायदा सिर्फ दुकानों तक सीमित नहीं है. जहां यह सुविधा उपलब्ध है, वहां iPhone और iPad से ऐप या वेबसाइट पर खरीदारी करते समय भी इसका इस्तेमाल किया जा सकता है. हर बार कार्ड नंबर, बिलिंग एड्रेस या डिलीवरी से जुड़ी जानकारी दोबारा भरने की जरूरत कम हो जाती है. इससे ऑनलाइन पेमेंट जल्दी पूरा किया जा सकता है. खाना ऑर्डर करने, टिकट बुक करने या शॉपिंग जैसी रोजमर्रा की जरूरतों में यह सुविधा काम आ सकती है.
5. फोन और वॉच से सीधे पेमेंट
Apple Pay की एक खास सुविधा यह है कि भुगतान के लिए हर बार अपना फिजिकल कार्ड साथ रखने की जरूरत नहीं पड़ती. अगर आपके पास सपोर्टेड iPhone या Apple Watch है, तो उससे कॉन्टैक्टलेस मशीन पर पेमेंट किया जा सकता है. यानी वॉलेट में कार्ड ढूंढने या कार्ड मशीन में लगाने की जरूरत नहीं रहती. Apple Watch के जरिए भी पेमेंट किया जा सकता है, जिससे खरीदारी के दौरान फोन निकालने की जरूरत कम हो सकती है.
