वाराणसी। जिला मुख्यालय परिसर के मेन गेट के बगल में बसपा सुप्रीमो मायावती को मां दुर्गा के स्वरूप में दर्शाने वाले पोस्टर लगाए गए हैं। पोस्टर सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर इसकी चर्चा शुरू हो गई है। पोस्टर में मायावती को देवी दुर्गा के रूप में चित्रित किया गया है।
मायावती को मां दुर्गा के रूप में दर्शाया गया
समर्थकों की ओर से लगाए गए इन पोस्टरों में मायावती को मां दुर्गा के स्वरूप में प्रस्तुत किया गया है। जिला मुख्यालय गेट के बगल में लगे पोस्टर लोगों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। वहीं यह पोस्टर सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।
नवरात्र और दुर्गा पूजा के माहौल में मायावती को देवी दुर्गा के रूप में दर्शाने वाले पोस्टरों ने स्थानीय स्तर पर चर्चा को और तेज कर दिया है। हालांकि, पोस्टर किसने लगाए हैं और इसके पीछे क्या उद्देश्य है, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। इस संबंध में प्रशासन की ओर से भी अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिली है।
मायावती ने राजनीतिक बयानबाजी पर जताई चिंता
आगे आपको जानकारी के लिए बताते चले कि बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने भारतीय राजनीति में बढ़ती कटुता, आपसी अविश्वास और आरोप-प्रत्यारोप पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक बयानबाजी का स्तर अब व्यक्तिगत टिप्पणियों, अमर्यादित भाषा, जातिवाद और हिंसक बयानों तक पहुंचना दुखद है। इससे देश की गरिमा और राजनीतिक व्यवस्था पर जनता के भरोसे को नुकसान पहुंच सकता है।
मायावती ने कहा कि शीर्ष पदों पर बैठे नेताओं को एक-दूसरे के प्रति सम्मान बनाए रखना चाहिए। आपत्तिजनक और विषैली राजनीति को किसी भी स्तर पर बढ़ावा नहीं दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि संकीर्ण और गरीब-विरोधी स्वार्थों से प्रेरित राजनीति के कारण लोगों का लोकतांत्रिक व्यवस्था पर विश्वास कमजोर होना देश और जनहित में नहीं है।
जनता की समस्याओं पर ध्यान देने की जरूरत
बसपा प्रमुख ने कहा कि सरकारी स्तर पर भ्रष्टाचार और चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों के बीच नेताओं के बीच आपसी टकराव से राजनीतिक माहौल और खराब हो रहा है। जनता चाहती है कि राजनीतिक दल गरीबी, बेरोजगारी और महंगाई जैसी गंभीर समस्याओं के समाधान पर ध्यान केंद्रित करें।
अमर्यादित बयानबाजी से बचने की अपील
मायावती ने कहा कि राजनीतिक दलों और उनके नेताओं के बीच अशोभनीय टिप्पणियों और बयानबाजी की बढ़ती होड़ से माहौल और कड़वा होगा। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों और नेताओं से इस पर गंभीरता से विचार करने तथा सार्वजनिक संवाद में मर्यादा बनाए रखने की अपील की।
