खरगे ने PM मोदी के पिता पर ऐसा क्या कहा कि वाराणसी में भड़क उठे भाजपाई? फूंका पुतला, जमकर हुई नारेबाजी !

पटना में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर एक विवादित टिप्पणी कर दी। जिसके बाद से ही भाजपा नेता और कार्यकर्ता कांग्रेस अध्यक्ष के खिलाफ हमलावर हैं। इसी क्रम में वाराणसी में जिला मुख्यालय के बाहर सैकड़ों की संख्या में भाजपाई जुट गए और विरोध प्रदर्शन का एलान किया।

मल्लिकार्जुन खरगे के इस बयान के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने जमकर नारेबाजी की। उन्होंने वाराणसी जिला मुख्यालय के बाहर मल्लिकार्जुन खरगे का पुतला दहन भी किया। मौके पर भाजपा के विधायक सौरभ श्रीवास्तव उपस्थित रहे। साथ ही मंत्री दया शंकर दयालु भी विरोध प्रदर्शन में शामिल रहे। वहीं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी समेत कई नेता मौजूद रहे।

दरअसल, पटना में बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की जयंती के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में खरगे ने कहा कि ‘मोदी का बाप भी जाएगा’। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान एक शख्स द्वारा यह कहे जाने पर पीएम मोदी कहीं जाएंगे, जवाब में गुस्से में आकर यह टिप्पणी की थी। अब बीजेपी ने इसे मुद्दा बना लिया है।

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने क्या कहा?

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, “भारतीय राजनीति में ‘अपशब्द’ का पर्याय बन चुकी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा विश्व के सबसे लोकप्रिय राजनेता और भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के दिवंगत पिता के प्रति की गई अमर्यादित टिप्पणी अक्षम्य और घोर निंदनीय है। यह 145 करोड़ भारत वासियों की भावनाओं का अपमान है। भारतीय लोकतंत्र को शर्मसार करता यह कृत्य कांग्रेस की हताशा, निराशा, कुंठा और वैचारिक दिवालियापन का प्रमाण है। कांग्रेस को अविलंब अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष पर कठोर कार्रवाई करते हुए पूरे देश से क्षमा मांगनी चाहिए।”

बीजेपी ने क्या कहा?

बीजेपी नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष खरगे से बिना शर्त माफी मांगने की मांग की है। बीजेपी का कहना है कि राजनीतिक मतभेदों को व्यक्तिगत अपमान का रूप नहीं देना चाहिए। आज देशभर में बीजेपी कार्यकर्ता कांग्रेस अध्यक्ष के खिलाफ सड़कों पर उतरे हैं। बीजेपी आज हर जिला मुख्यालय पर प्रोटेस्ट कर रही है। पटना में बीजेपी प्रदेश कार्यालय से आयकर गोलंबर तक विरोध मार्च निकाल रही है और पुतला दहन करेगी। 

बीजेपी ने कहा कि खरगे ऐसी भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं, जो पहले गुंडों और बदमाशों से जुड़ी मानी जाती थी। पार्टी ने इसे कांग्रेस की ‘वैचारिक दिवालियापन’ का संकेत बताते हुए कहा कि कांग्रेस अब राजनीतिक दल के बजाय ‘माफिया गैंग’ जैसी दिखने लगी है। बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि देश की जनता इस तरह की ‘अशोभनीय राजनीति’ को करीब से देख रही है और समय आने पर इसका उचित जवाब देगी। इस बीच खरगे के लिए एक और मुसीबत खड़ी हो गई है। उनके खिलाफ पटना के एक थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *