Daler Mehndi Uttarakhand Controversy: पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के मशहूर सिंगर दलेर मेहंदी इन दिनों उत्तराखंड में हुए एक कार्यक्रम को लेकर चर्चा में हैं. मंच पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के साथ हुई उनकी बहस के बाद मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है. अब उनके छोटे भाई और सिंगर मिका सिंह ने इस विवाद से जुड़ी कुछ और बातें शेयर की हैं. मीका का कहना है कि दलेर मेहंदी अपनी तबीयत ठीक नहीं होने के बावजूद कार्यक्रम में पहुंचे थे. दरअसल, इस शो में पहले पंजाबी सिंगर सुनंदा शर्मा को परफॉर्मेंस देनी थी, लेकिन उन्होंने कार्यक्रम से एक दिन पहले ही अपना नाम वापस ले लिया था. इसके बाद दलेर मेहंदी ने उनकी जगह शो करने के लिए हामी भरी. मीका ने यह भी दावा किया कि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंत्री की ओर से उनसे माफी मांगी है.
मीका सिंह ने 23 अक्टूबर को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि उत्तराखंड के कार्यक्रम में पहले सुनंदा शर्मा को परफॉर्म करना था. उन्होंने शो से एक दिन पहले ही अपनी परफॉर्मेंस कैंसिल कर दी थी. इसके ठीक बाद दलेर मेहंदी ने शो के लिए हामी भरी.
सुनंदा शर्मा ने आखिरी वक्त पर छोड़ा शो
मीका ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि शो से एक दिन पहले ही सुनंदा शर्मा ने अपनी परफॉर्मेंस कैंसिल कर दी. इसकी वजह पर बात करते हुए मीका ने कहा कि हो सकता है सुनंदा की कोई पर्सनल परेशानी रही हो या उनकी तबीयत खराब हो गई हो. मीका के मुताबिक, सुनंदा के कार्यक्रम से हटने के बाद दलेर मेहंदी ने शो करने के लिए हामी भर दी. उन्होंने कहा कि उनके भाई उस वक्त बीमार थे और उन्हें आराम करना चाहिए था, लेकिन वह बिस्तर से उठकर कार्यक्रम में पहुंच गए.

लोगों की मदद के लिए दलेर पाजी हमेशा रहते हैं तैयार
मीका ने अपने भाई दलेर मेहंदी के इस फैसले का जिक्र करते हुए कहा कि कई बार दोस्ती और रिश्ते निभाने के लिए लोग अपनी परेशानी के बावजूद मदद के लिए आगे आ जाते हैं. उन्होंने आगे कहा कि पाजी ने भी जरूरत के वक्त कार्यक्रम में पहुंचकर अपनी जिम्मेदारी निभाने की कोशिश की. मीका ने यह भी कहा कि कार्यक्रम में मौजूद दर्शक संगीत का आनंद ले रहे थे.
विवाद के बाद फोन पर रो पड़े थे दलेर मेहंदी
इससे पहले मिका सिंह ने खुलासा किया था कि विवाद के बाद जब उन्होंने अपने बड़े भाई से फोन पर बात की, तो दलेर मेहंदी भावुक होकर रोने लगे थे. मिका ने बताया कि वह उस रात अपना शो खत्म करने के बाद दलेर को फोन कर रहे थे, लेकिन बातचीत अगले दिन हो पाई. उनके मुताबिक, वह कुछ कहते, उससे पहले ही उनके भाई रोने लगे.
हाल ही में दलेर मेहंदी की हुई बड़ी सर्जरी
मीका ने यह भी कहा कि दलेर मेहंदी की हाल ही में बड़ी सर्जरी हुई थी और उनकी तबीयत ठीक नहीं थी. उन्होंने अपने भाई का बचाव करते हुए शराब पीकर परफॉर्म करने के आरोपों को खारिज किया.
क्या है पूरा मामला?
आपको बता दें कि ये विवाद 18 अक्टूबर को उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले के नरेंद्रनगर में आयोजित सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले के दौरान शुरू हुआ था. दलेर मेहंदी मंच पर प्रस्तुति दे रहे थे, तभी मंत्री सुबोध उनियाल ने उनके प्रदर्शन पर सवाल उठाए. मंत्री ने आरोप लगाया कि सिंगर ठीक से बोल नहीं पा रहे थे और नशे की हालत में कार्यक्रम कर रहे थे. उन्होंने शो के लिए 35 लाख रुपये दिए जाने का भी दावा किया. नशे में होने के आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.
मुख्यमंत्री धामी ने मांगी माफी?
मिका सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया कि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनसे बातचीत की और मंत्री की ओर से माफी मांगी. मीका के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाया कि भविष्य में उत्तराखंड आने पर कलाकारों को पूरा सम्मान दिया जाएगा. इससे पहले मीका ने मंत्री से दलेर मेहंदी के बारे में दिए गए बयान पर स्पष्टीकरण और माफी मांगने की अपील भी की थी.
